
नाई की मंडी क्षेत्र में रहने वाली दो बहनें एमजी रोड स्थित विद्यालय में हाईस्कूल और सातवीं कक्षा की छात्रा हैं। उनकी चचेरी बहन भी यहीं पढ़ती है। छात्राओं के पिता ने बताया कि कटरा नील के तीन युवक तकरीबन तीन माह से उनकी बेटियों के साथ रास्ते में छेड़खानी कर रहे थे। धमका रहे थे कि दोस्ती करो वरना स्कूल जाना बंद करवा देंगे। एक पखवाड़े पहले छात्रा ने अपने परिवारीजनों को जानकारी दी। इस पर परिवारीजन उन्हें स्कूल छोड़ने और लेने जाने लगे। गुरुवार की सुबह सात बजे तीनों छात्राएं स्कूल जाने को निकलीं। उनके पीछे छात्रा के पिता भी चल रहे थे। तभी बाइक सवार तीनों युवकों ने सुभाष पार्क के पास छात्राओं से छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा के पिता ने एक शोहदे को दबोच लिया। इस पर उसने चाकू से उनके सिर पर वार कर घायल कर दिया। राहगीरों के आने पर दो शोहदे भाग निकले, जबकि सरफराज नामक युवक को दबोच लिया। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सरफराज, आकिब समेत तीन युवकों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और पाक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
Leave a comment