आगरालीक्स …उत्तर भारत की प्रसिद्ध रामलीला में राजलीला होने लगी है। जनकपुरी आयोजन में सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया को आमंत्रित नहीं किया गया है, यह फैसला किसका है, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। जनकपुरी आयोजन समिति की अध्यक्ष वह भाजपा छोडकर सपा में शामिल हुए उत्तर विधानसभा प्रत्याशी डॉ कुंदनिका शर्मा का कहना है कि सांसद को न बुलाने का फैसला कोर कमेटी ने लिया है। डॉ कुंदनिका शर्मा ने सांसद से विवाद के बाद ही भाजपा छोडी थी और सपा ज्वाइन करने के बाद सांसद ने भी खुलकर डॉ कुंदनिका शर्मा के खिलाफ बयान दिए थे।
आगरा में रामलीला शुरू हो चुकी है, 26 सितंबर को राम बारात निकलेगी और 27 को जनकपुरी आयोजन है। बल्केश्वर में सज रही जनकपुरी के उदघाटन के लिए सीएम अखिलेश यादव सहित मेयर इंद्रजीत आर्य, सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव, रामसकल गुर्जर सहित विधायक जगन प्रसाद गर्ग, राज्यसभा सांसद राजबब्बर को आमंत्रित किया गया है। मगर, सांसद और पूर्व मंत्री डॉ राम शंकर कठेरिया को आमंत्रित नहीं किया गया है। यह पहली बार हो रहा है कि जनकपुरी के भव्य आयोजन में शहर के सांसद को आमंत्रित नहीं किया जा रहा है। इस मामले में सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया ने मीडिया में नाम लिए बिना कहा है कि जनकपुरी आयोजन समिति में कुछ लोग मेरे प्रति द्वेषभावना रखते हैं, लेकिन द्वेषभावना भावना से राजलीला हो सकती है, रामलीला नहीं।
उधर, जनकपुरी आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ कुंदनिका शर्मा का कहना है कि सांसद को आमंत्रित न करने का निर्णय कोर कमेटी ने लिया है, यह मेरा खुद का निर्णय नहीं है।
सांसद का आज जन्मदिन, लेकिन नहीं मनाएंगे
सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया का बुधवार को जन्मदिन है। उनके प्रवक्ता शरद चौहान ने सोशल मीडिया पर उनके जन्मदिन की जानकारी देते हुए, लिखा है कि उरी आतंकी हमले में 18 जवान शहीद हुए हैं, सभी शोक में हैं, उन्होंने समर्थकों से अपील की है कि उनका जन्मदिन ना मनाएं।
सीएम अखिलेश यादव आ सकते हैं जनकपुरी में
बल्केश्वर पार्क में 26 से 29 सितंबर तक जनकपुरी का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कार्यकारी अध्यक्ष डॉ कुंदनिका शर्मा ने सीएम अखिलेश यादव को आमंत्रित किया है, उनका कहना है कि सीएम अखिलेश यादव ने जानकपुरी आयोजन में शामिल होने के लिए आश्वास्त किया है। इसके बाद से जनकपुरी आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारी तेज हो गई है। बल्केश्वर पार्क में जनकमहल के लिए भूमि पूजन किया गया है, इसके साथ ही क्षेत्र में विकास कार्य कराया जा रहा है। जनक महल को भी भव्य रूप दिया जाएगा, इसके लिए तैयारियां चल रही हैं।
चुनावी साल में रामलीला का राजनैतिक माहौल
चुनावी साल में रामलीला महोत्सव का राजनैतिक माहौल रहेगा। इस बार जनकपुरी आयोजन बल्केश्वर में किया जा रहा है। यह उत्तर विधानसभा सीट का क्षेत्र है, यहां से भाजपा विधायक जगन प्रसाद गर्ग प्रत्याशी हैं, वे श्री राम लीला कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। वहीं, भाजपा छोडकर सपा में गई डॉ कुंदनिका शर्मा भी उत्तर विधानसभा से प्रत्याशी हैं। जनकपुरी आयोजन बल्केश्वर में हो रहा है, इसलिए डॉ कुंदनिका शर्मा भी महोत्सव में बढ चढकर हिस्सा लेंगी। मंच पर बैठने से लेकर पदाधिकारियों के नामों को लेकर राजनीति होगी।
ये है कार्यक्रम
15 सितंबर श्री गणेश पूजन एवं मुकुट पूजन
21 सितंबर श्री राम जन्म
26 सितंबर श्री रामचंद्र की वर यात्रा
27 सितंबर बरात बढहार बल्केश्वर
28 सितंबर बरात विदाई
1 अक्टूबर भरत मिलाप
5 अक्टूबर श्री राम हनुमान मिलन बाली वध
9 अक्टूबर कुंभकरण वध
10 अक्टूबर मेघनाथ वध
11 अक्टूबर रावण वध
14 अक्टूबर श्री राम चंद का राज्याभिषेक
Leave a comment