आगरालीक्स.. आगरा में बच्चा चोर की अफवाह फैल रही है, बेकाबू भीड बच्चा चोर के शक में युवक और युवतियों को पकडकर पिटाई कर रही है। एक बैंक अधिकारी की बेटी सहित चार लोगों को भीड पकड चुकी है।
मंगलवार को नगला छऊआ, शाहगंज में रेलवे लाइन किनारे बैठे युवक को लोगों ने बच्चा चोर का शोर मचाकर पकड लिया। युवक की भीड़ ने पिटाई लगा दी, भीड ने बमुश्किल उसे बचाया। युवक ने अपना नाम शुभम उर्फ़ छोटू बताया है।
बैंक अधिकारी की बेटी को घेरा
आवास विकास कॉलोनी निवासी बैंक अधिकारी की बेटी बोदला रोड स्थित बैनारा फैक्टरी के पीछे मोहल्ले में सोमवार रात करीब आठ बजे परिचित से मिलने आई थी। युवती से बदसलूकी करने लगे। वो जान बचाकर भागी। युवक उसे कच्छाधारी गिरोह की बच्चा चोर बताकर शोर मचाते हुए उसका पीछा किया।
युवती मोबाइल की दुकान में छिप गई। भीड़ ने दुकान को घेर लिया। अंदर प्रवेश की कोशिश करने लगे।
दुकानदार रवि गोयल, रेस्टोरेंट संचालक सुधीर गोयल ने भीड़ को रोका। दुकानदार ने युवती को दुकान के बगल के घर में सुरक्षित बैठा दिया। पुलिस ने लाठियां फटकाकर लोगों को खदेड़ा।
अछनेरा में सेल्स मेन को पीटा
शमसाबाद निवासी सुरेश की ससुराल गांव हंसेला में है। ससुरालियों से विवाद चल रहा है। उसके बीवी और बच्चे भी ससुराल में ही रह रहे हैं। वो ससुराल पहुंचा था। रविवार रात वो अछनेरा में स्टेशन रोड स्थित धर्मशाला में ठहरा। सोमवार तड़के सुरेश शौच के लिए खेतों में जा रहा था, तभी ससुरालीजन उसके पीछे लग गए।
वो खेत में छिप गया। कच्छा बनियान पहने सुरेश को ग्रामीणों ने बदमाश समझा और शोर मचा दिया। घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पिटाई कर दी। उसको मरणासन्न अवस्था में पहुंचा दिया। सूचना पर पहुंची पीआरवी भी उसे ग्रामीणों से बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सकी।
घर में घुसे युवक को पीटा
आवास विकास कालोनी के सेक्टर 13 निवासी हरिकेश के घर में सोमवार रात आठ बजे एक युवक घुस गया। परिजनों ने शोर मचाया। इस पर लोग जुट गए। लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस आ गई। पुलिस ने युवक को बचाया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक राहुल निवासी नागर बस्ती, बोदला है। वह नशे में है। हरिकेश की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।