आगरालीक्स…आगरा के सीनियर बैंक मैनेजर की हादसे में दर्दनाक मौत. इनर रिंग रोड के पास मिट्टी के ढेर पर चढ़ने के बाद पलटी उनकी कार.
आगरा के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले सीनियर बैंक मैनेजर प्रतीक गिरि की शनिवार देर रात इनर रिंग रोड के पास फतेहाबाद रोड पर हादसे में मौत हो गई. प्रतीक गिरि इलाहाबाद बैंक में पोस्टेड थे. शनिवार रात को शमसाबाद की ओर आते समय आगरा फतेहाबाद रोड पर उनकी कार हादसे का शिकार होकर पलट गई. जब तक उनको कार से बाहर निकाला गया जब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

ये है पूरा मामला
थाना सिकंदरा के आवास विकास सेक्टर 14 में प्रतीक गिरि पुत्र शंकरलाल गिरि रहते थे. शंकरलाल गिरि बिजली विभाग में एसडीओ हैं तो वहीं प्रतीक इलाहाबाद बैंक में सीनियर मैनेजर थे. बताया जाता है कि शनिवार की देर रात को वह शमसाबाद की ओर से इनर रिंग रोड पर होकर आगरा आ रहे थे. आगरा—फतेहाबाद रोड पर मिट्टी के ढेर पर उनकी तेज रफ्तार कार चढ़ गई और सीमेंट के बने अवरोधकों से बुरी तरह से टकराकर पलट गई. बताया जाता है कि काफी देर तक वे कार में फंसे रहे. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब तक उन्हें कार से निकाला तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. हादसे की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया. बताया जाता है कि जिस जगह हादसा हुआ वहां इनर रिंग रोड का पुल बनाया जा रहा है इसलिए वहां मिट्टी के ढेर पड़े हैं और सीमेंट के बड़े अवरोधक भी बना रखे हैं.