आगरालीक्स…आगरा में दिवाली से पहले दर्दनाक हादसा. जीवनी मंडी पर बस ने ऑटो को रौंदा. मां-बेटी और आटो चालक की मौत….
आगरा में दिवाली से पहले दर्दनाक हादसा हो गया. जीवनी मंडी से वाटर वर्क्स जाने वाले मार्ग पर आज सुबह एक रोडवेज बस ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया और उसे रौंद दिया. हादसे में ऑटो सवार महिला और उसकी 13 साल की बेटी और ऑटो चालक की दर्दनाक मौत हो गई. दुर्घटना के बाद बस चालक वहां से भाग बस सहित भाग निकला. थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया है.

ये है पूरा मामला
रेलवे कॉलोनी ईदगाह में ब्रजपाल सिंह रहते हैं. ब्रजपाल सिंह रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग में तैनात है और मूल रूप से मैनपुरी के भौगांव के रहने वाले हैं. रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी पत्नी 35 वर्षीय शीला देवी, 13 वर्षीय बेटी विजय लक्ष्मी और 11 साल के बेटे के साथ गांव जाने के लिए ऑटो से निकले थे. उन्हें वाटर वर्क्स चौराहा से बस को पकड़नी थी. जीवनी मंडी वाटर वर्क्स मार्ग पर सामने से आती एक रोडवेज बस ने आटो को अपनी चपेट में ले लिया और उसे बुरी तरह से रौंद दिया. हादसे में ऑटो सवार सभी लोग बुरी तरह से घायल हो गए. ऑटो चालक को एसएन ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई तो वहीं ब्रजपाल, उनकी पत्नी शीला देवी, बेटी विजय लक्ष्मी और बेटे जयदीप को देहली गेट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां उपचार के दौरान शीला देवी और बेटी विजय लक्ष्मी की मौत हो गई. पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. बस का पता लगाने के लिए सीसीटीवी चैक किए जा रहे हैं.