आगरालीक्स…दुखद, “प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. गिरीश चंद्र सक्सेना का निधन. विवि में रहे कुलपति, नैक पीयर टीम के अध्यक्ष भी रहे. राष्ट्रपति द्वारा आत्माराम पुरस्कार से हैं सम्मानित
आगरा के प्रतिष्ठित शिक्षाविद, प्रसिद्ध शोध रसायनज्ञ, हिंदी विज्ञान साहित्यकार एवं लोकतंत्र सेनानी डॉ. गिरीश चंद्र सक्सेना का सोमवार सुबह मैक्स द्वारिका, नई दिल्ली में निधन हो गया। डॉ. सक्सेना ने अपना जीवन शिक्षा, अनुसंधान और विश्वविद्यालय प्रशासन को समर्पित किया। उन्होंने राजा बलवंत सिंह (आरबीएस) कॉलेज, आगरा में रसायन विभागाध्यक्ष एवं प्राचार्य के रूप में कार्य किया। इसके बाद वे डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय (1998-2001) तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा (2001-2004) के कुलपति रहे।राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं के उच्चस्तरीय निकायों में सदस्यता निभाई तथा कई केंद्रीय एवं राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति चयन समितियों में अध्यक्ष/सदस्य रहे। वे नैक पीयर टीम अध्यक्ष भी रहे। वैज्ञानिक शोध में उनका प्रमुख क्षेत्र अकार्बनिक एवं समन्वय रसायन रहा। उन्होंने 100 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए. 60 राष्ट्रीय एवं 6 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन किए तथा 51 पीएच.डी. शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया। हिंदी विज्ञान लेखन में उनके योगदान हेतु उन्हें आत्माराम पुरस्कार (2017) राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी द्वारा प्रदान किया गया। वे इंडियन काउंसिल ऑफ़ केमिस्ट्स (ICC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और कई वैज्ञानिक संस्थाओं से आजीवन जुड़े रहे। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रहे।
लोकतंत्र सेनानीआपातकाल (1975-77) के दौरान डॉ. सक्सेना एक सक्रिय शिक्षक आंदोलनकारी रहे। उन्हें बरेली केंद्रीय कारागार में मीसा के तहत जेल भेजा गया, जहाँ उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा हेतु संघर्ष किया। इस योगदान के कारण उन्हें लोकतंत्र सेनानी के रूप में मान्यता प्राप्त हुई। उनके अंतिम संस्कार मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को ताजगंज, आगरा स्थित इलेक्ट्रिक शवदाह गृह में राज्य सम्मान सहित किया जाएगा। उनके निधन पर पूर्व कुलपति प्रो राजेश धाकरे, प्रो मनोज कुमार रावत, प्रो एसी गोयल, प्रो विनोद कुमार, प्रो अमित अग्रवाल, प्रो भूपेंद्र सिंह, शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, रोटरी क्लब के पीएन अस्थाना, नरेश सूद आदि ने दुख प्रकट किया है।