आगरालीक्स…भीषण गर्मी और लू के कारण लखनऊ में स्कूलों का टाइम बदला. आगरा में प्रशासन के आदेश का इंतजार. लखनऊ का तापमान 41 °C और आगरा का तापमान 44 °C….
भीषण गर्मी और लू के कारण प्रदेश में बुरा हाल है. कई जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है. आगरा का तो सबसे बुरा हाल है. आगरा लगातार कई दिनों से प्रदेश में सबसे गर्म जिला बना हुआ है. यहां पिछले चार दिन से शहर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही दर्ज किया जा रहा है. गर्मी के कारण सबसे बुरा हाल स्कूल जाने वाले बच्चों का है. जब दोपहर को वह स्कूल से वापस घर लौटते हैं तो उस समय तापमान अपने उच्चतम स्तर पर होता है. आगरा के कई स्कूलों में अभी भी दोपहर को एक से दो बजे के बीच में बच्चों के स्कूलों की छुट्टी हो रही है. आगरा के कई पेरेंट्स मांग भी कर रहे हैं कि बच्चों के घर आने के टाइम में परिवर्तन किया जाए. वे लगातार प्रशासन से मांग कर रहे हैं.
लखनऊ में टाइम बदला
लखनऊ में सोमवार को भीषण गर्मी और लू को देखते हुए सभी सरकारी व निजी स्कूलों के टाइम में परिवर्तन किया गया है. कक्षा 1 से 8 तक की कक्षाएं सुबह साढ़े 7 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक ही चलेंगी. इस संबंध में लखनऊ के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने आदेश जारी कर दिए हैं. लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह आगरा से करीब तीन डिग्री सेल्सियस कम है लेकिन आगरा प्रशासन की ओर से अभी तक बच्चों के स्कूल टाइम बदलने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है. प्रशासन द्वारा लगातार इसकी मांग की जा रही है.