आगरालीक्स…आगरा में 9—10 अगस्त को लगेगी ऐतिहासिक शिव परिक्रमा…नगर निगम ने परिक्रमा मार्ग पर शुरू किया विशेष सफाई अभियान…कल से शिवालयों के पास चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
सावन का दूसरा सोमवार 10 अगस्त को है और 9 अगस्त रविवार से आगरा की ऐतिहासिक शिव परिक्रमा निकलेगी. इसके साथ ही कांवड़ यात्रा भी जारी है. ऐेसे में शिव भक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने नगर परिक्रमा मार्ग और शहर के प्रमुख शिवालयों के आसपास विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है. इसके लिए सभी जोनों का रोस्टर तैयार किया गया है, जिसके तहत घास की सफाई, पेड़ों की छंटाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध ढंग से की जा रही है.अभियान में विभिन्न जोनों के अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों, सुपरवाइजरों और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों को लगाया गया, जिन्होंने पूरे दिन अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य किया।नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है, श्रावण मास में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संख्या और अधिक बढ़ जाएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पहले दुरुस्त करने का निर्णय लिया है, ताकि मार्गों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे और श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया, नगर निगम द्वारा विशेष रोस्टर बनाकर दो दिवसीय अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त को नगर परिक्रमा मार्ग एवं प्रमुख शिवालयों के आसपास विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।इस दौरान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।