यूपीलीक्स…यूपी में सोना तस्करी की सबसे शॉकिंग खबर पढ़िए, सउदी अरब से आए चार स्मगलर्स के पेट से निकले 27 सोने के कैप्सूल, एक कैप्सूल 25 ग्राम का…खास खाना और दवाई देकर निकाला जा रहा सोना
यूपी के मुरादाबाद से सोना तस्करी की एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. सउदी अरब से लौटे छह लोगों में से चार के पेट से सोने के 27 कैप्सूल निकले हैं. चारों को विशेष दवाइयां और भोजन दिया जा रहा है ताकि कैप्सूल बाहर निकाले जा सकें. एक कैप्सूल 25 ग्राम का है. इस प्रकार अब तक एक किलो सोना बरामद किया गया है. चारों तस्करों को जिला अस्पताल में कड़ी सुरक्षा में भर्ती कराया गया है जहां उनके पेट से सोना निकालने की प्रक्रिया अभी भी जारी है पुलिस ने यह मामला अब कस्टम विभाग को सौंप दिया है और उनके सहयोग से आगे की कार्रवाई की जा रही है. गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जुटी है.इस तस्करी का भंडाफोड़ किडनैपिंग से हुआ
शुरुआत शुक्रवार को उस वक्त हुई जब सउदी से लौटे छह लोगों को लखनऊ दिल्ली हाइवे पर पुराने टोल प्लाजा के पास बदमाशों ने अगवा कर लियाथा. बदमाशों को सूचना मिली थी कि इन लोगों के पेट में सोना है. पुलिस को जब छह लोगों के अपहरण की सूचना मिली तो हरकत में आकर तुरंत एक्शन लिया गया. इसके बाद पुलिस ने मुठभेड़ में अपहरण करने वाले दो बदमाशों को अरेस्ट कर लिया और सभी बंधक छह लोगों को मुक्त करा लिया गया.
पुलिस को जांच में पता चला कि सउदी से लौटे जिन सभी छह लोगों का किडनैप कियाथा वह सोने की तस्करी कर रहे हैं और इनके पेट में सोना है. ये सभी रामपुरजिले के टांडा बादली में रहनेवाले हैं जिनके नाम शाने आलम, मुतल्लवी, मोहम्मद नावेद, जाहिद अली, अजहरुदृदीन और जुल्फेकार हैं. यह सभी सउदी अरब में काम करते थे और शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट से लौटे थे. पुलिस को जब शक हुआ कि इन लोगों के पेट में सोना है तो सभी का पहले सीएचसी मूंढापांडे में अल्ट्रासाउंड कराया गया लेकिन डॉक्टरों ने कुछ भी होने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने इनको जिला अस्पताल रेफर करने को कहा तो डॉक्टर आनाकानी करने लगे. इस पर शक और कहरा गया.
निजी लैब में कराए अल्ट्रासाउंड में हुई सोने की पुष्टि
इसके बाद पुलिस सभी को निजी लैब ले गई जहां सभी का अल्ट्रासाउंड कराया. यहां शाने आलम, मुतल्लवी, अजहरुददीन और जुल्फेकार के पेट में सोने की पुष्टि हुई. मोहम्मद नावेद और जाहिद अली के पेट में कुछ नहीं मिला. बाद में जिला अस्पताल की लैब में दोबारा अल्ट्रासाउंड कराया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई. इस पर चारों को विशेष खाना व दवाइयां देकर मेडिकल टीम ने चारों के पेट से 27 सोने के कैप्सूल निकाले हैं. डॉक्टरों का कहना है कि अभी कुछ और कैप्सूल बाकी हैं. एक कैप्सूल का वजन 25 ग्राम है.