आशिकी , साजन, राजा हम हैं राही प्यार के फिल्मों के लिए संगीत दे चुके नदीम श्रवण की जोडी 2005 में टूट गई थी। इसके बाद दोनों की राहें अलग हो चुकी हैं।आगरा आए संगीतकार श्रवण (नदीम-श्रवण जोड़ी) का सोमवार को नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के सभागार में सम्मान किया गया। उन्होंने बताया कि छह माह पहले बहुत बीमार थे। सही होते ही आगरा निवासी अपने दोस्त और निर्देशक सुरेंद्र भाटिया के साथ मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन की मन्नत पूरी करने आया हूं। उन्होंने बताया कि मुंबई में एक साल पहले सुरेंद्र भाटिया के साथ म्यूजिक इंस्टीट्यूट खोला है। जिसके एक छात्र को निर्देशक अनिल शर्मा की फिल्म में गाने का मौका मिलने जा रहा है। श्रवण मानते हैं कि ये आगरा घराने की भूमि है, कृष्ण की बांसुरी यहां गूंजी है। यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सुरेंद्र भाटिया के अलावा सुरेंद्र साथी बॉलीवुड में मुकाम हासिल कर चुके हैं। अब हम यहां म्यूजिक इंस्टीट्यूट खोल कर प्रतिभाओं को मंच देना चाहते हैं।
श्रवण ने बताया कि अभी वह साजन फिल्म के सीक्वल साजन-2 में म्यूजिक दे रहे हैं। वादा किया कि फिल्म का म्यूजिक ताज खेमा या ताज नेचर वॉक में लांच करेंगे। नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के अध्यक्ष अतुल गुप्ता और पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि चैंबर इसमें पूरी मदद करेगा। स्थान उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
Leave a comment