आगरालीक्स…कान्हा के स्वागत को जगमगा उठी मथुरा नगरी. अलौकिक फोटोज में देखें कृष्ण जन्म को लेकर उत्साह..जन्मभूमि पर श्रद्धालुओं का सैलाब
अजन्मे के जन्म को लेकर ऐसा उत्साह विश्व में कहीं नहीं मिल सकता जो कि ब्रज की धरा पर देखने को मिलता है. हर घर में कान्हा का जन्म मनाया जा रहा है. पूजा अर्चनाएं की जा रही हैं. भंडारे प्रसाद वितरित किए जा रहे हैं. बधाई गीत और भजनों की श्रंखला लगातार चल रही है. मथुरा, वृंदावन तो मानो जैसे स्वर्ग लग रहा हो.. श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कल से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. हालात ये है कि यहां पैर रखने तक की जगह नहीं है. हर किसी के मुंह पर राधे राधे और जय कन्हैयालाल की के जयकारे हैं. दूर-दूर से श्रद्धालु यहां आए हुए हैं.





कान्हा की लीलाओं को देख अभिभूत हुए श्रद्धालु
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर कान्हा के रंग में सराबोर होकर पूरा ब्रज झूम रहा है। ब्रजवासियों का श्रद्धाभाव एक बार देश दुनिया से आए श्रद्धालुओं को देखने को मिला। श्रद्धालुओं के लिए जगह जगह भंडारों का आयोजन किया गया है। दिन भर लोग श्रद्धालुओं को प्रसाद ग्रहण कराने में सेवाभाव से जुटे रहे। कृष्ण जन्मोत्सव में दुनियाभर से भक्त जुटे हैं, वहीं देशभर से आए कलाकार लोगों का मन मोह रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा को भव्यता के साथ सजाया गया है। सभी मंदिर रंग बिरंगी रोशनी से नहाए हुए हैं। अपने आराध्य का जन्मोत्सव मनाने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ा है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना और नंदगांव तक राधे-राधे की गूंज है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर देशभर से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लोगों का मन मोह लिया। कान्हा के जन्म के दर्शन को देश-विदेश से आए कृष्ण भक्त भी रंग-बिरंगी पोशाक में विभिन्न राज्यों के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देख आनंदित हो उठे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में श्रीकृष्ण उत्सव-2022 का आयोजन किया गया है। मथुरा वृंदावन में 16 स्थानों पर पंडाल बिनाए गए हैं। जगह जगह सेल्फी पाइंट भी तैयार किए गए हैं।