आगरालीक्स…घर के आंगन में अचानक धंस गई 15 फीट जमीन. 5 साल का मासूम उसमें समा गया. लोगों ने ऐसा निकाला बाहर…
आगरा मंडल के टूंडला में रविवार रात को घर के आंगन में अचानक 15 फीट जमीन धंस गई और उसमें 5 साल का मासूम गिर गया. परिजनों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनी तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किये गए और बाद में बड़ी ही सावधानी से बच्चे को साड़ी में बाल्टी बांधकर उसके सहारे से बाहर निकाला गया. बच्चा सुरक्षित है. परिजनों के अनुसार जिस जगह जमीन धंसी है, वहां 30 साल पहले एक कुआं था.

यहां का है मामला
मामला टूंडला के नगला सिंघी क्षेत्र के गांव रसूलाबाद का है. यहां बंटू रहते हैं. रविवार रात करीब सवा आठ बजे बारिश हो रही थी और बंटू कमरे में थे. बंटू ने कमरे में ही खाना मंगाया. इस पर बंटू का पांच साल का बेटा अशोक खाने की थाली लेकर कमरे की ओर आ रहा था. अशोक जैसे ही आंगन में पहुंचा अचानक आंगन की जमीन धंस गई और वह जमीन के अंदर समजा गया. बेटे की आवाज पर बंटू वहां दौड़कर आया तो जमीन धंसा देख उसके होश उड़ गए. इधर परिजनों के चीखने चिल्लाने की आवाज पर लोग भी जुट गए. बच्चे को बचाने के लिए परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से एक प्लास्टिक की बाल्टी को साड़ी में बांधकर 15 फीट गहरे गड्ढे में डाला. लोगों ने अशोक से सावधानी के साथ बााल्टी में बैठने के लिए कहा.
बच्चा जैसे ही बाल्टी में बैठा तो परिजनों ने उसे खींचकर बाहर निकाल लिया. कुएं में गिरने से चोटिल हुआ मासूम को उपचार के लिए परिजन अस्पताल ले गए. वह अब पूरी तरह से ठीक है. इधर बंटू ने बताया कि जिस जगह जमीन धंसी है वहां 30 साल पहले कुआं था. उसके पिता शोलीराम ने पानी के लिए कुएं को खुदवाया था लेकिन कुएं का पानी खारा होने के कारण उसे बंदकरा दियागया था.