Thieves caught on CCTV in Agra
आगरालीक्स… आगरा में एक फैक्ट्री में घुसे तीन बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। ट्रांस यमुना कॉलोनी शहादरा में सोमवार की रात अग्रवाल जेनरेटर फैक्ट्री में तीन लुटेरों ने धावा बोल दिया। चौकीदार को बंधक बनाया। इसके बाद दो लाख का कॉपर स्क्रैप लूटकर फरार हो गए। यह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसकी फुटेज में एक बदमाश का चेहरा साफ नजर आ रहा है। बदमाश रात करीब एक बजे आए। सबसे पहले चौकीदार को एक कमरे में बंद किया। दो बदमाशों ने चेहरे पर नकाब ओढ़ रखे थे। उन्हें शायद इसका अंदाजा था कि यहां सीसीटीवी कैमरे लगे हो सकते हैं। तीसरे का चेहरा खुला था। फुटेज में नजर आ रहा है कि स्क्रैप लूटने के बाद बदमाशों ने फैक्ट्री में कई जगह ध्यान से देखा। वे शायद डीवीआर ढूंढ रहे थे। कामयाबी नहीं मिलने पर भाग निकले। बाद में चौकीदार ने शोर मचाया। तब पास से लोग पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी गई। फैक्ट्री मालिक ब्रजमोहन गोयल ने सीसीटीवी की फुटेज थाना एत्माद्दौला पुलिस को सौंप दी है। पुलिस बदमाशों के चेहरों से उनकी पहचान करने में लगी है। इससे पहले इसी तरह बदमाश ताजगंज में सराफ की दुकान में चोरी करते कैमरे में कैद हो गए थे। उन्हें पुलिस ने फोटों से तलाश लिया था।