आगरालीक्स …(Agra News 23rd September).आगरा में बुखार से तीन और बच्चों की मौत, 48 घंटे में पांच बच्चों की मौत और एक डेंगू से मौत, 11 डेंगू के नए मरीज।
आगरा के पिनाहट में बुधवार को दो बच्चों की मौत हो गई थी, गुरुवार को पिनाहट के चांदनी चौक निवासी योगेश की आठ वर्षीय बेटी सुमन, पड़ुआपुरा निवासी मदन की चार वर्षीय बेटी नंदिनी और मैदीपुरा, मनसुखपुरा निवासी मनोज की चार वर्षीय बेटी प्रज्ञा की मौत हो गई। यहां बुधवार को पिनाहट में ही अमन (3) राजेंद्र वर्मा निवासी चांदनी चौक, प्राची (नौ) पुत्री प्रमोद शर्मा की बुखार से मौत हो गई थी।
डेंगू से एक और बुखार से 18 की मौत
आगरा के बुर्ज अतिबल एत्मादपुर में 70 साल की महिला की डेंगू से जिला अस्पताल में बुधवार को मौत हो गई थी, डेंगू से यह पहली मौत है। जबकि पिनाहट में दो दिन में पांच मरीजों की बुखार से मौत हुई है। इससे पहले
9 सितंबर को पिनाहट के पूर्व प्रधान रवि पांडेय के 14 वर्षीय बेटे छोटू, 17 सितंबर को सूबेदार पुरा निवासी सतीश की नौ माह की बेटी गायत्री और 11 सितंबर को भावनाथ की ढारि निवासी सुदामा के 14 वर्षीय बेटे वीकेश की मौत हो चुकी है। फतेहपुर सीकरी में दो, टेढ़ी बगिया में तीन, खंदौली में दो मरीजों सहित बुखार से 18 की मौत हुई है।
108 मरीजों में डेंगू की पुष्टि
आगरा में डेंगू के केस बढ़ रहे हैं। गुरुवार को 11 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, आगरा में 108 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि पिनाहट में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर घर सर्वे कर रही है, बुखार के मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।