मथुरालीक्स…बरसाना में रोपवे पर ब्रेक फेल होने पर तीन ट्रॉलियां आपस में टकरा गईं. राधारानी मंदिर से नीचे आते समय हुआ हादसा. इनमें सवार 18 लोगों में मच गई चीख पुकार…सीएम योगी भी इसमें बैठकर गए थे दर्शन करने
ब्रह्मांचल पर्व पर विराजी राधारानी के दर्शन के लिए बरसाना से रोपवे का संचालन किया जा रहा है, लेकिन मंगलवार को यहां उस समय अफरातफरी मच गई जब तकनीकी खराबी के कारण मंदिर से नीचे के लिए रवाना होते समय तीन ट्रॉलियों के ब्रेक फेल हो गए और प्लेटफार्म पर तीनों आपस में टकराकर हवा में झूल गईं. इससे ट्रॉलियों में सवार 18 लोगों में चीख पुकार मच गई. हालांकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके कारण करीब 20 मिनट तक रोपवे का संचालन बंद रहा.
घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे की बताई गई है. राधारानी मंदिर रोपवे से जाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी लाइन थी. मंदिर से तीन ट्रॉली छह—छह लोगों को लेकर नीचे की ओर आ रही थीं लेकिन प्लेटफार्म पर आने से पहले ही कुछ उंचाई पर ब्रेक फेल होन से ये आपस में प्लेटफार्म पर तेजी से टकरा जाती है. इससे ट्रॉली में सवार लोगों में दहशत फैल गई. चीख पुकार पर रोपवे का संचालन कर रहे कर्मचारी दौड़े और श्रद्धालुओं को नीचे उतारा. हादसे में किसी के चोट नहीं आई है. रोपवे इंचार्ज का कहना है कि तकनीकी समस्या के कारण यह हादसा हुआ लेकिन समस्या दूर कर रोपवे का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है.