आगरालीक्स…आज की बड़ी खबरें, लखनऊ में तीन मंजिला इमारत गिरने से 6 की मौत, कई राज्यों में भारी बारिश के आसार, मेडल जीतकर लौटै पैरा खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर में ढही तीन मंजिला इमारत, छह की मौत, 27 घायल
ट्रांसपोर्टनगर में शनिवार शाम बारिश के दौरान शहीद पथ किनारे स्थित एक इमारत (हरमिलाप टावर) भरभराकर जमींदोज हो गया। हादसे में एक कारोबारी समेत छह की मौत हो गई। मलबे में दबे 25 लोगों को निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनका इलाज जारी है। मलबे में अभी कई और लोगों के दबे होने की आशंका है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, दमकल और पुलिस की टीमें राहत-बचाव कार्य में देर रात तक जुटी रहीं।
कई राज्यों में भारी बारिश के आसार; तेलंगाना में अब तक 29 की मौत
देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। वहीं बारिश से जुड़ी घटनाओं के कारण जान-माल की हानि भी हुई है। इधर मौसम विभाग ने देश के कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। बंगाल की खाड़ी से लेकर मध्य राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में बनी अनुकूल मानसूनी परिस्थितियों के चलते उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर बना हुआ है। तेलंगाना में अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी हे।
स्वदेश लौटने पर पैरा खिलाड़ियों का दिल्ली में हुआ भव्य स्वागत
पेरिस में चल रहे पैरालंपिक में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। देश पहले ही पैरा खेलों के इतिहास में अपने सबसे ज्यादा पदक जीत चुका है। भारत ने अब तक कुल 27 पदक जीते हैं। इनमें छह स्वर्ण, नौ रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। भारतीय पैरा एथलीटों का शनिवार को पेरिस से स्वदेश लौटने पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। निशानेबाज अवनि लेखरा (स्वर्ण), मनीष नरवाल (रजत), मोना अग्रवाल (कांस्य), तीरंदाज राकेश कुमार (कांस्य), क्लब थ्रो प्रणव सूरमा (कांस्य) ने पेरिस ओलंपिक में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था।
पूजा खेडकर की IAS सेवाएं खत्म
लंबे समय से विवादों में रहने वाली पूजा खेडकर की आईएएस सेवाएं खत्म कर दी गई हैं। ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर अपनी विकलांगता और अन्य गड़बड़ियों के लिए लंबे समय से विवादों में थीं। केंद्र सराकार ने शुक्रवार (6 सितंबर, 2024) को आदेश पारित कर उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से मुक्त कर दिया है। पूजा खेडकर ने 2023 में आईएएस की परीक्षा पास की थी, जबकि इससे पहले ही वह नौ बार इस परीक्षा में फेल हो चुकी थीं। ऐसे में उन्हें 2023 में परीक्षा में बैठने का अधिकार नहीं था और उन्होंने फर्जी तरीके से यह परीक्षा दी। इसी आधार पर उनकी नियुक्ति रद्द की गई है।
पटरी से उतरी इंदौर-जबलपुर एक्सप्रेस
मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा होने से बच गया। यहां इंदौर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन पलटने से बच गई। दरअसल, शनिवार की सुबह 5:50 बजे ट्रेन जबलपुर स्टेशन के पास पहुंची। तभी ट्रेन के दो कोच पटरी से नीचे उतर गए। हालांकि ट्रेन की स्पीड कम होने की वजह से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।