आगरालीक्स….आज की मुख्य खबरें. चेन्नई में भारतीय वायुसेना के एयर शो में तीन की मौत, 200 से अधिक घायल. सोन नदी में 7 बच्चे डूबे, छह की मौत. एसी कोच में बकरी लेकर घुसा युवक
एयरशो के दौरान तीन लोगों की मौत
8 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के 92वें स्थापना दिवस से पहले रविवार को चेन्नई में एयर शो हुआ। इसे देखने के लिए मरीना बीच पर लाखों की संख्या में लोग जमा हुए। भारी भीड़ और गर्मी के चलते तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 से ज्यादा लोग बेहोश हो गए। मृतकों की पहचान श्रीनिवासन (48), कार्तिकेयन (34) और जॉन (56) के नाम से हुई है। अथॉरिटीज के मुताबिक इस एयर शो को लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल कराने के लिए यहां 16 लाख लोगों की भीड़ जुटाई गई थी। यह शो सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दो घंटे तक चला। हालांकि, लोग 8 बजे से ही मरीना बीच पर जुटने लगे थे।
यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के नाम पर करोड़ों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्कॉयड द्वारका की टीम ने जगवीर सिंह और सतेंद्र नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी क्राइम ब्रांच के एक चीटिंग के केस में फरार चल रहे थे। आरोपी जगवीर यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट ऑथिरिटी के इंडस्ट्रियल प्लॉट्स बेहद सस्ते दामों पर देने का वादा करता था, जिसके लिए उसने यमुना एक्सप्रेसवे डेवलपर्स नाम से एक बैंक एकाउंट ओपन किया जो इसकी महिला दोस्त का था। इस एकाउंट में इसने अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी मेंशन किया और इस एकाउंट को चलाने लगा। सस्ते दामों पर ऑथिरिटी का इंडस्ट्रियल एकाउंट लेने के लालच में लोग इसके एकाउंट में पैसे ट्रांसफर करते और ये इस एकाउंट से पैसा दूसरे एकाउंट में ट्रांसफर करके विदड्रॉ कर लिया करता था। यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलमेंट के नाम से ये फर्जी एलॉटमेंट लैटर अपने साथी सतेंद्र के जरिए तैयार करवाता था जो कोसी कला इलाके में कस्टमर सर्विस शॉप चलाता था।
एक्सप्रेस ट्रेन के AC कोच में बकरी लेकर चढ़ा शख्स
यूपी के बलिया से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक शख्स अपनी 2 बकरियों को लेकर ट्रेन के 3rd AC कोच में घुस जाता है। जब यात्री इस पर आपत्ति जताते हैं तो वह उस कोच से भागने लगता है। मामला यूपी के बलिया में सियालदह एक्सप्रेस का है, जिसमें बलिया से सियालदह के 3rd AC कोच में 2 बकरियां सफर करते हुए मिलीं। ट्रेन नंबर 13106 के 3rd AC कोच में एक शख्स 2 बकरियों को लेकर घुस गया। एक तरफ रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर तमाम प्रबंध करती है, दूसरी तरफ यात्रियों की इस तरह की हरकतों से भारतीय रेलवे का भी नाम खराब होता है।
महाकुंभ के दौरान नहीं होगी मांस-मदिरा की बिक्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रविवार को प्रयागराज दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने महाकुंभ को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने कुंभ के लोगो का उद्घाटन की भी किया। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि अगले साल जनवरी में आयोजित होने वाले महाकुंभ के दौरान यहां मांस-मदिरा की बिक्री नहीं होगी। उन्होंने 13 अखाड़ों, खाक चौक, दंडी बाड़ा और आचार्य बाड़ा के प्रतिनिधियों के साथ महाकुंभ को लेकर एक बैठक भी की।
सोन नदी में नहाने गए 7 बच्चे डूबे, 6 मासूमों की मौत
रोहतास: जिले के तुम्बा गांव से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहां सोन नदी में नहाने के दौरान सात बच्चे डूब गए, जिसमें से 6 बच्चों की मौत हो गई। वहीं 1 बच्चे की तलाश अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे एक ही परिवार के थे। वहीं इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। दरअसल, रविवार की सुबह कृष्णा गोंड के चार बच्चे और उसकी बहन की एक बच्ची सहित सात बच्चे नहाने के लिए सोन नदी में गए थे। नहाते समय अचानक सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने 6 बच्चों के शव निकाल लिए, लेकिन एक बच्चा अभी भी लापता है।