नईदिल्लीलीक्स(31 July 2021)…. टोक्यो ओलंपिक में शनिवार का दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा। बॉक्सिंग और बैडमिंटन में क्रमश: पूजा रानी और पीवी सिंधु…।
फाइनल से बाहर पीवी सिंधु
टोक्यो ओलंपिक में शनिवार का दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा। बॉक्सिंग और बैडमिंटन में क्रमश: पूजा रानी और पीवी सिंधु फाइनल की रेस से बाहर हो गईं। तीरंदाजी में भी भारत को निराशा ही हाथ लगी। लेकिन भारत डिस्कस थ्रो में कमलप्रीत कौर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय शटलर पीवी सिंधु को आज चीनी ताइपे की ताईजू यंग ने सेमीफाइनल मुकाबले में 21—18, 21—12 से हराया। सिंधु रविवार को कांस्य पदक के लिए खेलेंगी। उनका मुकाबला चीनी खिलाड़ी से होगा।
महिला हॉकी से उम्मीदें कायम
ओलंपिक खेलों में शनिवार को भारत की महिला हॉकी टीम ने आखिरी ग्रुप मैच में दक्षिण अफ्रीका की टीम को 4—3 हराकर ओलंपिक क्वार्टर फाइनल में प्रवेश की उम्मीद कायम रखी है। भारत के लिए वंदना कटारिया ने तीन गोल किए, जो ओलंपिक में किसी भारतीय महिला द्वारा दागे गए सर्वाधिक गोल है। नेहा गोयल ने भी एक गोल किया। भारत के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश आज शाम आयरलैंड और ब्रिटेन के बीच होने वाले आखिरी ग्रुप मैच के परिणाम पर निर्भर करेगा। या तो मैच ड्रा रहे या ब्रिटेन की टीम जीत जाए, तभी भारत की महिला हॉकी टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी।
चक्का फेंक में कमलप्रीत फाइनल में
भारत की कमलप्रीत कौर ने आज क्वालिफिकेशन दौर में 64 मीटर दूर चक्का फेंक कर फाइनल में जगह बना ली है। लेकिन अनुभवी सीमा पुनिया चूक गईं। इस स्पर्धा का फाइनल दो अगस्त को होगा।
पूजा रानी का सफर खत्म
भारत की महिला मुक्केबाजी पूजा रानी क्वार्टर फाइनल का मुकाबला हार गईं। 75 किग्रा. वर्ग में चीन की ली कियान ने पूजा रानी को 5—0 से हरा दिया। तीनों राउंड में कियान पूजा रानी पर भारी पड़ीं।