आगरालीक्स…(14 December 2021 Agra News) आगरा में ट्रैफिक जाम बहुत बड़ी समस्या है. सड़क पर गाड़ियां खड़ी करके शॉपिंग करते हैं लोग. इन बाजारों में सबसे ज्यादा लगता है जाम
आगरा में ट्रैफिक जाम एक बहुत बड़ी समस्या बनता जा रहा है. जाम न लगे इसको लेकर यातायात पुलिस द्वारा समय समय पर अभियान भी चलाया जाता है लेकिन समस्या का प्रॉपर तरह से समाधान नहीं होता है. आगरा में भी कई बाजार ऐसे हैं जहां जाम हमेशा लगा रहता है और इसका सबसे बड़ा कारण है सड़कों पर गाड़ियों को खड़ा करना. आइए जानते हैं कि ऐसे कौन कौन से बाजार हैं जहां ये समस्या है…
न्यू आगरा
न्यू आगरा ऐसा क्षेत्र हैं जहां शाम होते ही सबसे ज्यादा जाम का झाम लगा रहता है और इसका कारण भी वही है, लोग अपनी चारपहिया और दोपहिया गाड़ियों को सड़क पर पार्क कर देते हैं और शॉपिंग करने लग जाते हैं. इसके कारण यहां का रोड काफी सकरा हो जाता है जिसके कारण एक बड़ी गाड़ी निकलने पर ही यहां जाम की विकट स्थिति पैदा हो जाती है. ये जाम दयालबाग की शुरुआत तक काफी होता है.
शाहगंज
शाहगंज का बाजार भी कुछ ऐसा ही है, जहां जाम लगना आम बात है. दुकानदारों द्वारा गाड़ियों को दुकान के आगे सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है. इसके अलावा जो लोग शॉपिंग करने आते हैं वो भी दुकान के आगे आड़े—तिरछे करके अपनी गाड़ियां लगा देते हैं जिसके कारण जाम की स्थिति यहां लगी रहती है.
पुराना आगरा
पुराना आगरा में सिंधी बाजार से लेकर फौब्बारा, किनारी बाजार, दरेसी, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार और बिजलीघर जैसे इलाके आते हैं. इसके बेलनगंज, गुदड़ी मंसूर खां, काला महल आदि ऐसे एरिया हैं जहां से निकलना काफी मुश्किल भरा होता है. अगर कोई कार यहां से निकलना चाहे तो उसे काफी समय लग जाता है और उसके कारण पीछे वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है. इन इलाकों से अक्सर लोग थोक में सामान लेकर जाते हैं जिसके लिए लगेज रिक्शा व आटो का प्रयोग किया जाता है. इन्हें सड़क पर खड़ा करके इनमें माल लोड किया जाता है जिसके कारण यहां भी जाम लग जाता है.
फतेहाबाद रोड
फतेहाबाद रोड पर इस समय मेट्रो का काम चल रहा है जिसके कारण रास्ता काफी सकरा है लेकिन इसके बावजूद कई दुकानों व शोरूमों के बाहर लोग अपनी कार आदि खड़ी कर देते हैं जिसके कारण लोगों को और परेशानी झेलनी पड़ जाती है.
देहली गेट
देहली गेट से होटल गोवर्धन की तरफ से जाने वाला मार्ग भी हर समय जाम से जूझता रहता है. इसका भी कारण यही है कि यहां लोग सड़कों पर अपनी गाड़ियों को खड़ा करके निकल जाते हैं जिसके कारण यहां जाम की स्थिति बनी रहती है.