आगरालीक्स…दर्दनाक हादसा. अधिशासी अधिकारी की कार साइकिल सवार बच्चे को बचाने के प्रयास में पोल से टकराई. अधिकारी और बच्चा, दोनों की मौत
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में अधिशासी अधिकारी की कार हादसे का शिकार हो गई. साइकिल से सड़क पार कर रहे एक बच्चे को बचाने के प्रयास में कार पोल से जा टकराई. हादसे में अधिशासी अधिकारी और साइकिल सवार बच्चा दोनों की ही मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
मक्खनपुर नगर पंचायत में ईओ अमर बहादुर शनिवार दोपहर को अपनी कार द्वारा जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक में भाग लेने के लिए जा रहे थे. बिल्टीगढ़ के पास साइकिल सवार एक 15 साल का किशोर अंकित राठौर पुत्र अमरपाल राठौर ने सड़क पार करने के लिए साइकिल दौड़ा दी. इधर तेज रफ्तार में आ रही ईओ की कार साइकिल सवार बच्चे को टकराने की कोशिश में अनियंत्रित हो गई. कार साइकिल से टकराने के बाद पोल से टकरा गई.
हादसे में ईओ अमर बहादुर और बच्चा दोनों बुरी तरह से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. इधर ईओ की मौत् की खबर सुन नगर पंचायत में शोक की लहर छा गई तो वहीं बच्चे की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया है.