आगरालीक्स…आगरा समेत सभी जिलों में चुनाव ड्यूटी करने वाले कार्मिकों और आशाबहू व एएनएम को इम्युनो बूस्टिंग किट बांटी जा रही है।
क्या है इसमें खास
इम्युनो बूस्टिंग किट में काढ़ा, च्यवनप्राश, गिलोयवटी और अणुतेल है। किट में इसके इस्तेमाल का विवरण भी दिया गया है।
आयुष विभाग बांट रहा 17 लाख इम्युनो बूस्टिंग किट
कोविड संक्रमण के मद्देनजर आयुष विभाग ने चुनाव के दौरान करीब 17 लाख इम्युनो बूस्टिंग किट बांटने का फैसला किया है। इसके तहत करीब छह लाख किट केंद्रीय आयुष मंत्रालय से भेजी जा रही हैं। शेष 11 लाख किट का इंतजाम आयुर्वेद निदेशालय ने किया है। शासन की ओर से आयुष विभाग को भेजी गई 41 जिलों की सूची में दो लाख 34 हजार चार सौ 19 मतदान कर्मियों और करीब 25 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाने की जानकारी है। इनको प्रशिक्षण के दौरान ही इम्युनो बूस्टिंग किट दी जा रही है।
जिलेवार किया जा रहा किट का वितरण
आयुर्वेद विभाग के निदेशक प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि जिलेवार किट का वितरण किया जा रहा है। चुनाव ड्यूटी में लगने वाले मतदानकर्मियों को पहले किट दी जाएगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही है। आशा, एएनएम और राजस्वकर्मियों को भी यह किट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक 51 जिलों में पांच लाख 51 हजार चार सौ किट भेजी जा चुकी हैं। प्रयास है कि जहां पहले चुनाव है, वहां ज्यादा से ज्यादा किट भेज दिया जाए।