आगरालीक्स…।प्रदेश विधानसभा के चुनाव के लिए 10 फरवरी को पहले चरण का मतदान होगा। चुनाव आयोग के निर्देश के तहत राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए रेट कार्ड जारी किए गए हैं।
कुर्सियां, लाउडस्पीकर गुलदस्ते भी चुनावी खर्चे में
इनका उपयोग कुल चुनावी खर्च की गणना के लिए किया जाएगा। चुनाव खर्च की सीमा 40 लाख रुपये प्रति उम्मीदवार रखी गई है। कोरोना महामारी के समय में, स्नैक्स, कुर्सियों, लाउडस्पीकर, बैनर और यहां तक कि गुलदस्ते के अलावा फेस मास्क, सैनिटाइजर, हैंड ग्लव्स और पीपीई किट के रेट्स को चुनाव खर्च में शामिल किया गया है।
समोसा 10 रुपये का तो लड्डू 200 रुपये किलो तक
चुनाव खर्चे में एक समोसे की अधिकतम सीमा 10 और एक किलो लड्डू की कीमत 200 रुपये तय की गई है। इसी के साथ उम्मीदवार निर्धारित सीमा से ज्यादा खर्च न करें। इसकी निगरानी एक व्यय समिति करेगी।
मास्क, सेनिटाइजर, पीपीई किट के रेट भी तय
इसके अलावा थर्मल स्कैनर के उपयोग पर खर्च 973 रुपये। पीपीई किट के लिए 300 रुपये प्रति पीस की कीमत निर्धारित किया गया है। इसी तरह फेस मास्क का एक पीस दो रुपये और 500 एमएल हैंड सैनिटाइजर के लिए 600 रुपये तय किए गए हैं।
कार्यालय का किराया शहर में चार हजार रुपये
कोई भी उम्मीदवार जो शहरी क्षेत्रों में किराए पर कार्यालय लेता है, वह चार हजार रुपये प्रति माह खर्च के रूप में दिखा सकता है, वहीं ग्रामीण इलाकों में किराया दो हजार रुपये तय किया गया है।