यूपीलीक्स…एटा में सनसनीखेज घटना, घर में घुसकर डॉक्टर, उनकी पत्नी सहित चार की हत्या. फर्श पर खून से सनी मिली लाशें
उत्तर प्रदेश के एटा से सनसनीखेज खबर सामने आई है. सोमवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर चार लोगों की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है. एटा के मोहल्ला नगला प्रेमी में यह वारदात हुई है. सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए. घटना की जांच की जा रही है.
एटा के कोतवाली थाना क्षेत्र में नगला प्रेमी है. यहां 60 वर्षीय डॉक्टर गंगा सिंह, अपनी पत्नी श्यामा, बेटा कमल सिंह, बेटे की बहू रत्ना, नातिन ज्योति और लक्ष्मी व नाती देवांश के साथ रहते हैं. सोमवार दोपहर को कमल सिंह और उनकी बेटी लक्ष्मी मेडिकल स्टोर पर गए हुए थे जबकि देवांश स्कूल गया हुआ था.
नाती के स्कूल से लौटने पर हुई घटना की जानकारी
दोपहर को देवांश स्कूल से वापस घर लौटा तो उसने घर के अंदर के अंदर गंगा सिंह, रत्ना और ज्योति का शव खून से सना हुआ फर्श पर पड़ा देखा. जबकि उसकी दादी श्यामा देवी भी बुरी तरह से लहूलुहान थी. जानकारी पर आसपास के लोग आ गए और सूचना पुलिस को दी गई. बेटा कमल सिंह भी घर लौट आए. घायल श्यामा देवी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया.
पुलिस कर रही जांच
एक साथ चार लोगों की हत्या की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. आला अधिकारियों ने पहुंचकर जांच शुरू की. आसपास के सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं.