आगरालीक्स…यूपी में हैरान करने वाला मामला, पाकिस्तानी महिला 9 साल से कर रही थी सहायक शिक्षक की नौकरी. विभाग में मचा हड़कंप. रिपोर्ट दर्ज. गिरफ्तार भी होगी
यूपी के रामपुर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जिले में एक पाकिस्तानी महिला फर्जी दस्तावेजों से बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक पद पर पिछले नौ साल से नौकरी कर रही थी. उसकी बरेली के फतेहगंज पश्चिमी विकास खंड क्षेत्र में तैनाती थी. विभाग की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और जल्द उसे अरेस्ट भी किया जा सकता है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रामपुर जिले के बजरोही टोला में गली नंबकर चार के मकान में रहने वाली शुमायला खान के खिलाफ यह कार्रवाई हुई है. फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी भानु शंकर गंगवार ने उसके खिलाफ फतेहगंज पश्चिमी थाने में धोखाधड़ी से नागरिकता छुपाने व फर्जी दस्तावेजों से नौकरी हासिल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है. बताया गया है कि शुमायला खान ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके बेसिक शिक्षा विभाग में 2015 में सहायक शिक्षक की नौकरी हासिल कर ली. वह प्राथमिक विद्यालय माधौपुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थी. उसकी नागरिकता को लेकर शिकायत की गई थी. आरोप था कि वह पाकिस्तानी नागरिक है.
इस मामले में विभाग ने उसके प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराया था. एसडीएम की जांच में साफ हुआ कि शुमायला का यह प्रमाणपत्र त्रुटिपूर्ण है, इसे बनवाने में जानकारी छुपाई गई है और शुमायला वास्तव में पाकिस्तानी नागरिक है. शुमायला खान का प्रमाण पत्र पिछले साल ही निरस्त कर दिया गया. बेसिक शिक्षा विभाग ने कई बार शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा पर प्रमाण पत्र की सत्यता साबित न हो सकी. इस पर बीएसए ने 3 अक्टूबर 2024 को शुमायला खान को निलंबित कर दिया. अब बीएसए के निर्देश पर बीडीओ भानु शंकर गंगवार ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है. फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. शुमायला को अरेस्ट भी किया जा सकता है.