आगरालीक्स… मुजफ्फरनगर में कलिंग उत्कल एक्सप्रेस हादसे में 30 की मौत हो गई है, आगरा से ट्रेन में 47 और मथुरा से 21 यात्री सवार हुए थे। हादसे की खबर के बाद आगरा से ट्रेन में सवार हुए लोगों के परिजन को चिंता सता रही है।
शनिवार रात को मुजफ्फरनगर से 23 किलोमीटर दूर खतौली रेलवे स्टेशन के दो किमी आगे कलिंग-उत्कल एक्सप्रेस के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए, डिब्बे एक दूसरे पर जा चढ़े। इसमें से एक डिब्बा रेल पटरी के पास बने मकान में घुस गया। रेल हादसे में 30 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं।
पुरी से हरिद्वार जाने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस शाम तकरीबन सात बजे मुजफ्फरनगर के खतौली में दुर्घटनाग्रस्त हुई है। एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। सेना के जवान भी मौके पर राहत कार्य के लिए पहुंच गए हैं।
आगरा से सवार हुए यात्रियों के परिजन परेशान
कलिंग उत्कल एक्सप्रेस आगरा कैंट पर शनिवार दोपहर तीन बजे पहुंची थी, ट्रेन में 47 यात्री सवार हुए थे। ट्रेन मथुरा स्टेशन पर पहुंची तो 12 और यात्री सवार हो गए। हादसे की खबर आने के बाद आगरा और मथुरा से ट्रेन में सवार हुए यात्रियों के परिजनों के होश उडे हुए हैं, वे उन्हें फोन कर रहे हैं तो कुछ लोग स्टेशन पर जानकारी लेने पहुंच गए। हादसे में 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
एक परिवार हुआ घायल
आगरा के खेरिया मोड निवासी ब्रज किशोर अपने परिवार के साथ कलिंग उत्कल एक्सप्रेस से आगरा से बैठे थे, उनका परिवार हादसे में घायल हो गया है।
रेल मंत्री ने किया ट्वीट
रेल मंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि हादसे के बाद के हालात की निगरानी मैं खुद कर रहा हूं। अधिकारियों के साथ रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा भी मौके पर पहुंच रहे हैं। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट पर गहरा दुख जताया है और प्रशासन को पीडि़तों की हर संभव मदद के निर्देश दिए गए हैं। पीएमओ ने भी हादसे पर दुख जताया है। मुजफ्फरनगर के सांसद और केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान भी मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: उत्कल एक्सप्रेस हादसे के बाद बवाल रेलकर्मी भागे