आगरालीक्स…. आगरा में सोने का छतर व मुकुट धारण किए श्याम बाबा (खाटू श्याम जी) की झांकी नगर भ्रमण को निकली, रंग बिरंगे पुष्पों से सजे डोले में अलौकिक श्रंगार किए श्याम बाबा। जिनकी एक झलक को हर भक्त व्याकुल था। श्रीमनःकामेश्वर मंदिर से बाबा की आरती के साथ प्रारम्भ हुई शोभायात्रा में भक्तिमय उत्साह के साथ हजारों भक्त शामिल हुए। भक्तों का सैलाब उनके दर्शन को उमड़ पड़ा। बाबा की एक झलक और प्रसाद पाने को हर कोई ललायित था। मृदंग, ढोल नगाड़ों, 11 बैंड बाजों की भक्तिमय स्वरलहरियों ने भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जहां से बाबा की सवारी गुजरी लोग छत या कमरों की खिड़कियों से दर्शन को झांकते नजर आए। राह चलते राहगीर भी श्याम बाबा की झलक पाने को रुक गए।
शोभायात्रा श्रीमनःकामेश्वर मंदिर से प्रारम्भ होकर रावत पाड़ा, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी, मोतीगंज, कचहरी घाट, बेलनगंज होते हुए जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर पहुंची। जहां बाबा का भव्य फूल बंगला व छप्पन भोग का आयोजन किया गया। घोड़ो व ऊंटों की उगुवाई सर्प्रथम विध्नविनाशक श्रीगणेश की सवारी सहित 21 आकर्षक झांकिया थी। सबसे अधिक भजनों पर नृत्य करते स्वरूपों की झांकी ने भक्तों को रिझाया। मां दुर्गा, विष्णु भगवान सहित सभी आकर्षक झांकियां लोगों को अपनी ओर शीश झुकाने को विवश कर रहीं थीं।
शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पों से हुआ स्वागत
फाल्गुनी महोत्सव व खाटू श्याम जी मंदिर के द्वितीय वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया। विभिन्न सुगंधियों की बरसात की गई। अबीर और गुलाल के रंग बिरंगे रंगों में रंगे भक्त झूमते गाते नजर आए। प्रारम्भ से लेकर समापन तक शोभायात्रा में हर तरफ खाटू श्याम बाबा के जयकारे गूंजते रहे।
1001 निशान लेकर शोभायात्रा में नंगे पैर चले भक्त
मोरपंख और श्रीकृष्ण की आकर्षक छवि से सजे रंग बिरंगे 1001 निशान हाथों में लिए हर भक्त के मुख पर खाटू श्याम जी के जयकारे थे। मनःकामेश्वर मंदिर से प्रारम्भ हुई शोभायात्रा में खाटू श्याम जी मंदिर तक भक्त नंगे पैर हाथों में श्याम बाबा के निशाल लेकर नाचते गाते हुए पैदल चले। हाथों में निशान लेकर चलने वालों में महिला भक्तों की संख्या अधिक थी। मंदिर पर शोभायात्रा के समापन के साथ निशानों को श्याम बाबा को समर्पित किया गया।

इनकी रही विशेष उपस्थिति
श्रीश्याम फाल्गुनी महोत्सव के तहत आयोजित भव्य शोभायात्रा में मुख्य रूप से सांसद रामशंकर कठेरिया, सांसद एसपी सिंह बघेल, विधायक योगेन्द्र उपाध्याय, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मेयर नवीन जैन, रामबाबू हरित, अध्यक्ष अनिल मित्तल, अरुण मित्तल, अजय अवागड़, हेमेन्द्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अनूप गोयल, विकास गोयल, विपिन बंसल, आकाश बंसल, ऋषिक मांगलिक, संजय अग्रवाल, मनीष गोयल, सुभाष गोयल, नितेश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।