आगरालीक्स…आगरा में केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने स्थित केमिकल फैक्ट्री में आग की लपटें बेकाबू, दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
आगरा में सोमवार दोपहर में सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। आग की लपटें तेज होती गई, आग बेकाबू होने के साथ ही धुआं उठने से लोग दहशत में आ गए हैं। आस पास की फैक्ट्री और स्थानीय लोग बाहर निकल आए हैं, दमकल की कई गाडियां आग पर काबू पाने में जुटी हुईं हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा दिल्ली हाईवे पर सब्जी मंडी के पास शाहगंज निवासी दीपक मनचंदा की जूते के सोल बनाने की टॉप लास्ट फैक्ट्री है। इसके बगल में राजेंद्र शर्मा की आगरा केमिकल्स केमिकल फैक्ट्री है। सोमवार दोपहर में सोल फैक्ट्री में आग लग गई। आग की लपटों ने केमिकल फैक्ट्री को चपेट में ले लिया, एक साथ दो फैक्ट्री में आग से आसमान काला हो गया, कई किलोमीटर दूर तक आग से उठा धुआं दिखाई देने लगा। पुलिस ने आस पास के घरों से लोगों को बाहर आने के लिए कह दिया।
हाईवे पर रोके वाहन
आग की लपटें बेकाबू होने पर हाईवे पर पुलिस ने वाहनों को रोक दिया, मथुरा की तरफ से आ रहे वाहनों को सिकंदरा सब्जी मंडी से पहले ही रोक दिया गया। पुलिस प्रशासन ने सेना से भी मदद मांगी है, मथुरा से दमकल की गाडी भेजने के लिए कहा गया।