आगरालीक्स…आगरा में अब ठेल ढकेल पर नहीं, गोदामों से डायरेक्ट पकड़ी जा रही पॉलीथिन. आज गोदाम से तीन कुंतल पॉलीथिन पकड़ी, सवा लाख का जुर्माना..देखें वीडियो
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देशन में प्रतिबंधित सिंगिल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के दौरान एक गोदाम से तीन कुंतल पॉलीथिन बरामद कर कारोबारी से सवा लाख रुपये का जुर्माना मौके पर वसूल किया गया। निगम के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि हरीपर्वत जोन के वार्ड 72 नगलापदी विद्यानगर में एक कारोबारी बड़े पैमाने पर सिंगिल यूज पॉलीथिन कारोबार कर रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रर्वतन अधिकारी डाक्टर अजय सिंह एवं जेडएसओ राजीव बालियान ने प्रवर्तन दल के साथ मकान के द्वितीय तल पर छापा मारा। मकान के कमरे पर ताला लगा हुआ था।
जानकारी करने पर पता चला कि राधे डिस्पोजल के नाम से दुकान करने वाले कारोबारी कपिल कांत मौर्य ने उक्त कमरे को किराये पर लिया हुआ है। मकान के सामने ही उसकी दुकान भी है। कमरे को उसने गोदाम बना रखा था। मौके पर बुलाकर कपिल से कमरे का ताला खुलवाया गया तो वहां से तीन कुंतल पॉलीथिन बरामद की गई। वहीं जुर्माना वसूल कर निगम की टीम प्लास्टिक को जब्त कर अपने साथ ले आई है। प्रदेश सरकार द्वारा वर्तमान में सिंगिल यूज प्लास्टिक के खिलाफ एक विशेष अभियान आरंभ 0.4 चलाया जा रहा है। उसी के क्रम में कार्रवाई की जा रही है।