आगरालीक्स…ये वीडियो रौंगटे खड़े कर देगा. चंबल नदी में सवारियों से भरी मोटर बोट बह गई. 58 से ज्यादा लोग थे सवार. फिर ऐसे बची सभी की जान
चंबल नदी में रविवार को बड़ा हादसा होने से टल गया. इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें सवारियों से भरी मोटर बोट नदी में बह गई. बीच नदी में इंजन खराब होने से यह हादसा हो गया. बोट में 58 से ज्यादा लोग सवार थे और 50 बाइकें थीं. बोट बहने के बाद सभी में चीख पुकार मच गई. प्रशासन और लोगों ने किसी तरह इस हादसे को टाला.
नगरा साहसपुरा घाट से बाह के कैंजाराघाट जाने के लिए एक बोट रविवार को चली थी. प्रशासन के अनुसार इसमें 58 लोग करीब सवार थे और उनकी बाइकें थी. चंबल नदी की धार के बीच पहुंचते ही उसका इंजन बंद हो गया. इससे बोट में सवार यात्रियों में खलबली मच गई और चीख पुकार होना शुरू हो गई. इंजन बंद होने से मोटर बोट अनियंत्रित होने लगी ओर नदी के तेज बहाव में बहने लगी. इसकी सूचना प्रशासन के पास तक पहुंची. प्रशासन ने वहां मौजूद लोगों की मदद से किसी तरह बोट को किनारे लगवाया और बोट में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. मोटर बोट पर मौजूद यात्रियों ने डीजल खत्म होने की बात बताई तो वहीं कुछ लोगों का कहना था कि मोटर बोट के पंखे में कपड़ा फंस गया था. प्रशासन आवश्यक कार्रवाई कर रहा है.