आगरालीक्स…वायरल हुआ प्रदीप मेहरा का आर्मी में भर्ती होने का जुनून देखिए. रात को 12 बजे 10 किलोमीटर दौड़, क्योंकि नौकरी के अलावा प्रेक्टिस के लिए यही टाइम मिलता है.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सोमवार को पूरे दिन जमकर वायरल हुआ. इसके वायरल होने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इंग्लैंड के केविन पीटरसन से लेकर भारत के हरभजन सिंह, कांग्रेस नेता हरीश रावत, कुमार विश्वास सहित बॉलीवुड और भारत के कई सेलिब्रिटीज ने इस वायरल वीडियो की तारीफ की है. ये वीडियो वायरल किया है फिल्ममेकर विनोद कापड़ी ने.
अब जानिए क्या है पूरा मामला
नोएडा की सड़क पर देर रात एक 19 साल का युवक पीठ पर बैग टांगे सड़क पर दौड़ लगा रहा था. चेहरा पसीने से लथपथ था लेकिन उसकी रनिंग जारी थी. फिल्ममेकर विनोद कापड़ी वहां से गुजरे तो उन्होंने इस लड़के गाड़ी से घर छोड़ने का आफर किया, लेकिन लड़के ने बिल्कुल मना कर दिया.
विनोद कापड़ी ने इस लड़के से उसका नाम पूछा तो लड़के ने खुद को प्रदीप मेहरा बताया. प्रदीप मेहरा मैकडॉनल्ड कंपनी में अपनी नौकरी पूरी करने के बाद दौड़ते हुए घर जा रहा था. प्रदीप मेहरा ये काम केवल इस रात को ही नहीं कर रहा था बल्कि हर रात वह दस किलोमीटर दौड़ लगाते हुए अपने रूम तक पहुंंचता है. विनोद कापड़ी ने उसे अपनी कार से ड्रॉप करने और खाना खिलाने तक के लिए कहा लेकिन प्रदीप मेहरा ने साफ मना कर दिया और कहा कि घर जाकर वह खाना बनाएगा. अगर वह आपके साथ चला जाएगा तो उसका भाई भूखा रह जाएगा क्योंकि उसकी नाइट ड्यूटी है.
विनोद कापडी ने कहा कि वह दौड़ क्यों लगा रहा है तो इस पर उसने कहा कि वह आर्मी ज्वाइन करना चाहता है. सुबह से रात तक ड्यूटी करता है. दौड़ने के लिए टाइम नहीं मिलता है. ऐसे में उसके लिए यही समय दौड़ने के लिए मिलता है. प्रदीप मेहरा ने बताया कि वह रोजाना नोएडा सेक्टर-16 से बरौला तक 10 किमी दौड़ लगाकर ही घर जाता है. एंड में विनोद कापड़ी ने उसे उसके इस प्रयास की सराहना करते हुए बेस्ट आफ लक कहा.