आगरालीक्स…(Agra News 16th December).. आगरा के समीर नेत्रालय में आंख में चोट लगने से काली पुतली फटने पर पहुंचे 50 मरीजों की दूरबीन विधि से आपरेशन कर बचाई आंख की रोशनी, ऐसे केस में छह से आठ घंटे के अंदर इलाज मिलने से मरीज की आंख की रोशनी बचाई जा सकती है।
गुरुवार को प्रेसवार्ता में समीर नेत्रालय, जवाहर नगर के निदेशक नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर प्रकाश ने बताया कि ग्राइंडर, पत्थर की घिसाई, लकड़ी सहित किसी अन्य कारण से आंख में चोट लगने पर काली पुतली यानी कार्निया फट जाती है। ऐसे केस में मरीज की आंख की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है, जिस आंख में चोट लगी है उसके साथ दूसरी आंख की रोशनी जाने का भी खतरा रहता है।

अत्याधुनिक दूरबीन विधि से आपरेशन कर बचाई 50 मरीजों की आंख की रोशनी
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर प्रकाश ने बताया कि आंख की काली पुतली फटने पर 50 मरीजों का इलाज किया गया। आंख में कितना नुकसान हुआ है, इसके लिए एंटीरियर सेगमेंट फोटोस्कैनर से जांच कराई गई, इससे पता चल गया कि आंख की पुतली में कितना नुकसान हुआ है। उसी हिसाब से दूरबीन विधि से सूक्ष्म धागों की मदद से आंख की पुतली को रिपेयर किया गया। इससे आंख की पुतली पूरी तरह ठीक हो गई, लगभग सभी मरीजों की आंख की रोशनी भी लौट आई। आपरेशन के दौरान आंख के अंदर कुछ दवाएं डालकर पुतली फटने से भरे खून और पस को भी निकाला गया। आपरेशन में सूक्ष्म धागे का इस्तेमाल किया गया, इसलिए कुछ दिन बाद आपरेशन के निशान भी नहीं रहते हैं।
इलाज तुरंत करा लें
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर प्रकाश ने बताया कि आंख में चोट लग जाती है तो तुरंत इलाज जरूर कराएं। इस तरह के केस में छह से आठ घंटे में मरीज को इलाज मिल जाना चाहिए। इससे आंख की रोशनी बचाई जा सकती है।