आगरालीक्स…(Video) आगरा में महिला ने खुद को जमीन के अंदर गाढ़ लिया. पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए….जानिए आखिर क्या था माजरा
थाना सिकंदरा क्षेत्र का मामला
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला ने खुद को जमीन के अंदर गाढ़ लिया. महिला जमीन में गड्ढा बनाकर उसमें बैठ गई और खुद को मिट्टी से ढक लिया. जब इसकी जानकारी स्थानयी पुलिस और प्रशासन को हुई तो उनके हाथ—पांव फूल गए. आनन—फानन में महिला को समझा—बुझाकर जमीन से बाहर निकाला गया.
जानिए क्या है मामला
मामला थाना सिकंदरा के बाईंपुर का है. खुद को मिट्टी से ढकने वाली महिला का नाम प्रेमलता है. प्रेमलता का कहना है कि गांव में उसकी जमीन है लेकिन उसकी जमीन पर कुछ लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं. इस मामले में उसने कई बार पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की लेकिन आरोप है कि अधिकारियां की ओर से जांच के नाम पर केवल खानापूरी की गई. इस पर महिला ने अपनी ही जमीन पर गड्ढा खोदा और उसमें बैठ गई. यही नहीं महिला ने खुद के पूरे शरीर को मिट्ठी से दबा दिया. परिवार के सदस्य भी पहुंचे और हंगामा हो गया. सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. महिला को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन महिला ने किसी की नहीं सुनी. बाद में तहसील के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जमीन की पैमाइश का आश्वासन दिया तब जाकर महिला गड्ढे से बाहर निकली.
गांव के इन लोगों पर लगाए आरोप
बाईंपुर में रहने वाली महिला प्रेमलता ने गांव के ही रिटायर्ड कर्नल सुरेंद्र सिंह, शांत कुमार अश्वनी यादव व अन्य पर आरोप लगाया है कि ये लोग उसको उसकी जमीन परकाम नहीं करने देते हैं. ये लोग अवैध रूप से कब्जा करना चाहते हैं.
दोबारा की गई पैमाइश
महिला द्वारा किए गए इस अनोखे प्रदर्शन पर प्रशासन ने संज्ञान लिया. राजस्व विभाग की टीम और थाना सिकंदरा पुलिस द्वारा जमीन की पैमाइश कराई गई. खेत कब्जे में आने के बाद महिला संतुष्ट हुई. इस संबंध में तहसीलदार रजनीश बाजपेई के अनुसार उक्त जमीन पर मुकदमा विचाराधीन है. पूरी पैमाइश के बाद निर्णय हो पाएगा.