Villagers force haircut punishment to lovers
कौशांबी के चरवा थाना क्षेत्र के लोहरा गांव की 30 वर्षीय युवती की शादी सात वर्ष पहले कोखराज थाना क्षेत्र के नगरगंज बड़े गांव में हुई थी। उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। शादी के कुछ दिन बाद पति रोजगार की तलाश में बाहर चला गया। इस दौरान विवाहिता वह मायके आती-जाती रही। मायके के पड़ोसी गांव पन्नोई निवासी सुनील कुमार से उसका प्रेम संबंध बन गया। यह अक्सर युवती के ससुराल भी जाता था। सुनील कुमार बीते चार दिनों से विवाहिता के ससुराल में ही रह रहा था। आज सुबह विवाहिता के ससुर ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर परिवार व गांव के लोगों को एकत्र कर लिया। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़कर जमकर पिटाई की औैर फिर दोनों का सिर मुंडाया। इसके बाद दोनों को गांव की गलियों में घुमाने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद महिला की तहरीर पर उसके ससुर अमृतलाल, हंसराज, रामआसरे, सुल्तान व रामशरण के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि प्रेमी युगल के साथ मारपीट की घटना हुई है। मारपीट के आरोपी लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।