आगरालीक्स…आगरा में चुनाव का रिजल्ट आने से पहले इस प्रत्याशी पर पत्नी ने लगाए मारपीट करने और घर से निकालने के आरोप. एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
आगरा में चुनाव हो चुके हैं. 10 मार्च को मतगणना के बाद रिजल्ट सामने आ जाएगा कि किस सीट से किस पार्टी का कौन सा प्रत्याशी विजयी हुआ है लेकिन आगरा की फतेहाबाद विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी होतम सिंह इससे पहले ही अपने पत्नी के आरोपों में बुरी तरह से घिर चुके हैं. होतम सिंह की पत्नी ने एसएसपी सुधीर कुमार सिंह को दिए प्रार्थना पत्र में अपने पति पर मारपीट करने व दो बच्चों के साथ घर से बाहर निकालने के आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है. एसएसपी ने इस मामले की जांच कर मुकदमे के आदेश दिए हैं.

ये लगाए आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी होतम सिंह की पत्नी ने आरोप लगाए हैं कि उसकी शादी को 11 साल हो चुके हैं. दो बच्चे हैं लेकिन पति ने दोनों बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया है. बच्चों को खाना—पीना भी नहीं मिल पा रहा है जिससे वह बच्चों को लेकर भटकने को मजबूर है. उसने बताया कि नवंबर 2021 में भी पति ने उसकी पिटाई की थी तब भी मुकदमा दर्ज कराया था. महिला ने बताया कि पति के कहने पर उसका भाई भी उसे पीटता है.
महिला ने एक आरोप ये भी लगाया कि उसके नाम पर एक फार्म हाउस है. इस पर भी पति ने कब्जा कर लिया है. वह उसे फार्म हाउस पर नहीं जाने देता है. एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने होतम सिंह के खिलाफ पत्नी की तरफ से आई शिकायत पर मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं. कांग्रेस प्रत्याशी का कहना है कि वह पत्नी को घर बुलाना चाहता है लेकिन वो आ नहीं रही है. कोर्ट में मामला विचाराधीन है. राजनीतिक लोग इस मामले को हवा दे रहे हैं.