आगरालीक्स.(Agra News 11th November).... आगरा में पार्क से साईकिल चोरी होने पर सात साल के बेटे ने खाना खाने से इन्कार कर दिया, मां ने सीसीटीवी, स्कूल ड्रेस से चोर पकड़ लिया, कबाड़ी के यहां मिली साईकिल
आगरा के कमला नगर क्रष्णा कुंज कॉलोनी निवासी राहुल दवा कारोबारी हैं, पत्नी सोनल अग्रवाल और सात साल का बेटा आदविक अग्रवाल है। वह मंगलवार को पार्क में खेलने के लिए साईकिल लेकर गया, शाम को रोते हुए लौटा, उसकी साईकिल पार्क से चोरी हो गई। राहुल और सोनल अग्रवाल ने बेटे आदविक अग्रवाल को समझाने के प्रयास किए, उससे कहा कि नई साईकिल खरीद लेंगे लेकिन वह अपनी पुरानी साईकिल लेने की ही जिद पर अड़ गया।

खाना खाने से किया मना, मां ने खंगाले सीसीटीवी
आदविक अग्रवाल ने साईकिल न मिलने पर खाना खाने से इन्कार कर दिया। इस पर सोनल अग्रवाल अपने बेटे आदविक को लेकर पार्क में पहुंची, आस पास के घरों में सीसीटीवी लगे दिखाई दिए। पार्क के सामने के घर के सीसीटीवी चेक किए दो किशोर साईकिल ले जाते हुए दिखाई दे गए। इसमें से एक किशोर स्कूल ड्रेस पहना हुआ था, उन्होंने अपने मोबाइल में सीसीटीवी फुटेज ले लिए और किशोरों की तलाश शुरू कर दी, स्थानीय लोगों से पूछा, स्कूल ड्रेस को दिखाकर पहचान करने की कोशिश की। रात तक उन्हें साईकिल चोरी कर ले गए किशोर का पता चल गया।
250 रुपये में कबाड़ी को बेच दी थी साईकिल
सोनल अग्रवाल किशोर के घर पहुंच गई, किशोर ने बताया कि उसका साथी साईकिल ले गया है। उसके घर पहुंची तो उसने बता दिया कि कबाड़ी को 250 रुपये में साईकिल बेच दी है। बुधवार को सोनल अग्रवाल किशोरों को लेकर कबाड़ी के पास पहुंची, पुलिस को बुला लिया। पुलिस की सख्ती के बाद कबाड़ी ने साईकिल वापस कर दी। चोरी करने वाला किशोर स्कूल में पढ़ता है, उसने मांफी मांग ली, राहुल अग्रवाल ने किशोर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।