हाथरस…रील बनाने का शौक, रेलवे ट्रैक पर महिला ने सोशल मीडिया रील के लिए बनाया डांस वीडियो. पुलिस ने किया अरेस्ट…तो कहने लगी ये बात
सोशल मीडिया पर रील्स बनाने का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. इंस्टाग्राम, फेसबुक पर फॉलोवर्स बढ़ाने के लिए लोग रील्स बनाने के लिए कभी—कभी खतरों की भी परवाह नहीं करते. कुछ ऐसा ही मामला हाथरस से आया है. यहां एक महिला रील्स बनाने के लिए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई. सोशल मीडिया पर यह रील्स वायरल होने के बाद आरपीएफ ने महिला को हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली.वायरल वीडियो में महिला तालाब चौराहे के पास रेलवे ट्रैक पर डांस करती नजर आ रही थी. वीडियो सामने आने के बाद आरपीएफ ने महिला की पहचान शुरू की तो वह कांशीराम कॉलोनी की रहने वाली निकली. इसके बाद महिला को हिरासत में लिया गया. महिला ने बताया कि उसे डांस वीडियो बनाने का शौक है और उसने अपने बेटे से मोबाइल पकड़वाकर यह वीडियो बनवाया था. पुलिस की सख्ती को देख महिला ने गलती स्वीकारी और कहा कि वह अब भविष्य में कभी भी रेलवे ट्रैक या ऐसे स्थान पर वीडियो नहीं बनाएगी जो कि खतरनाक हो या गलत संदेश जाए.