आगरालीक्स…पीढ़ियों को न भुगतना पड़े इस खराब आदत का परिणाम, चार अलग-अलग विशेषज्ञों ने तंबाकू से होने वाले 40 से ज्यादा नुकसान बताए, पूछा क्या आप एक भी फायदा बता सकते हैं, नहीं तो आज ही छोड़िए इसका सेवन
31 मई यानि विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर उजाला सिग्नस रेनबो हाॅस्पिटल में एक ऐसी सार्वजनिक चर्चा हुई, जिसने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया। मरीजों और तीमारदारों को तंबाकू के सेवन से होने वाले नुकसानों से अवगत कराया गया। चार अलग-अलग विशेषज्ञों ने 40 से अधिक नुकसान बताए और श्रोताओं से पूछा कि क्या वे इस पदार्थ के सेवन से होने वाला कोई भी एक फायदा बता सकते हैं? वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि गांव-शहरों में महिलाएं यहां तक कि लड़कियां बीड़ी सिगरेट पी रही हैं। इसके दुष्परिणाम वे आए दिन देख रहे हैं। अपनी खुद की सेहत को तो नुकसान है ही लेकिन आने वाली नस्लें भी भोग रही हैं। 75 फीसद से अधिक बच्चे कमजोर हो जाते हैं, गर्भ में ही उनकी ग्रोथ रूक जाती है। वजन नहीं बढ़ता।

टीबी एवं सांस रोग विशेषज्ञ डाॅ. एके मित्तल ने बताया कि तंबाकू के सेवन से खांसी, थकान, सांस टूटने की समस्या होती हैं। टीबी हो जाने की भी एक बड़ी वजह है। धीरे-धीरे फेफड़े काम करना बंद करने लगते हैं। डाॅ. समीर भारद्वाज ने तंबाकू के सेवन से होने वाले मुंह, गले के कैंसर सहित तमाम रोगों के बारे में जानकारी दी। मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डाॅ. राजीव लोचन शर्मा ने कहा कि मुंह को सिर्फ अच्छी चीजें खाने के लिए रहने दें, अच्छा बोलने के लिए रहने दें, इसे बीमारी का दरवाजा न बनाएं। सभी चिकित्सकों ने मिलकर लोगों की जेब से तंबाकू कूडे़दान में फिंकवाई और अपने परिवारों, अपने बच्चों के लिए कभी इसका सेवन न करने का संकल्प दिलाया।