आगरालीक्स… आगरा के एक युवा कारोबारी की उसके दोस्तों ने ही हत्या कर दी, उसे शराब पिलाई, इसके बाद हत्या कर शव मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में नाले में फेंक दिया। पुलिस ने अज्ञात में अंतिम संस्कार करा दिया, पुलिस ने दोस्तों से पूछताछ की तो युवा कारोबारी हत्याकांड खुल गया। पुलिस ने युवा कारोबारी के दोस्त को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र की इंद्रा कॉलोनी में युवा कारोबारी सुनील शर्मा 25 साल रहते हैं। 31 जुलाई की शाम को वे घर से निकले थे, इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला, परिजनों ने अपहरण की आशंका व्यक्त की थी। मगर कोई सुराग नहीं लगा। 31 जुलाई को सुनील शर्मा घर से अपने दोस्त सुमित के साथ जाने की कहकर गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला, पुलिस ने सुनील शर्मा के दोस्त सुमित से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर मामला खुलता चला गया।
हत्या कर नाले में फेंका शव
31 जुलाई को सुनील शर्मा को लेकर उनके दोस्त मथुरा घूमने गए, वहां रास्ते में शराब पिलाई और इसके बाद दोस्तों ने सुनील की हत्या कर दी। उनके शव को मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में फेंक दिया। इसके बाद वे वहां से चले जाए। उधर, सुनील शर्मा के घर न लौटने पर परिजन परेशान हुए, उन्होंने दोस्तों से भी पूछताछ की। लेकिन उन्होंने सुनील से मुलाकात से ही इन्कार कर दिया।
अज्ञात में हुआ अंतिम संस्कार
31 जुलाई को युवा कारोबारी का शव मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में मिला, 72 घंटे बाद भी शिनाख्त न होने पर दो अगस्त को अज्ञात में सुनील शर्मा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस पूछताछ में हत्याकांड का खुलासा होने से परिजनों का बुरा हाल है।
घर में मचा कोहराम
सुनील की मौत की जानकारी होने से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों को उम्मीद थी कि उनका बेटा सुनील लौट आएगा, लेकिन उसकी मौत की जानकारी होने के बाद से उम्मीद टूट गई है।
Leave a comment