आगरालीक्स.. आगरा का अंबेडकर विवि सुर्खियों में बना रहता है, अब गणित के पेपर में दो बडे संस्थान के छात्रों को जीरो अंक दे दिए हैं। गणित में शून्य अंक आने पर आक्रोशित छात्रों ने विवि में हंगामा किया, कुलसचिव आरपी सिंह का घेराव कर प्रदर्शन किया। कुलपति सचिवालय को घेर लिया।
आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि के आवासीय संस्थान दाऊदयाल संस्थान के बीएससी चौथे सेमेस्टर में 43 छात्रों के गणित के पेपर में शून्य अंक है, इसी तरह से आरबीएस के मैनेजमेंट संकाय के बीसीए द्वितीय सेमेस्टर के 64 छात्रों के भी गणित में शून्य अंक हैं। ये छात्र विवि के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन इनकी कोई सुनने वाला नहीं है।
कुलसचिव को घेरा
छात्रों को शून्य अंक मिलने के बाद उनकी शिकायत को गंभीरता से न लेने पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विवि में प्रदर्शन किया। कुलसचिव आरपी सिंह के कार्यालय में जमकर नारेबाजी की, छात्र कुलसचिव कार्यालय में जमीन पर धरने पर बैठ गए। कुलसचिव अपने साथ छात्रों को लेकर कुलपति सचिवालय पहुंच गए। यहां छात्रों को बाहर रोक दिया, इससे आक्रोशित छात्रों ने जमकर नारेबाजी की।
दोबारा कॉपी की जांच
छात्रों द्वारा नारेबाजी करने पर कुलपति डॉ अरविंद दीक्षित ने छात्रों के प्रतिनिधि मंडल को अंदर बुला दिया, उन्हें बताया कि शिकायत के बाद छात्रों की कॉपी की जांच कराई गई थी, लेकिन नंबर में कोई गडबडी नहीं थी, छात्रों की मांग पर दोबारा कॉपी की जांच करा ली जाएगी।
उपलब्धि गिना रहे कुलपति
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विवि में जमकर नारेबाजी की, उन्होंने कहा कि कुलपति डॉ अरविंद दीक्षित उपलब्धियां गिना रहे हैं लेकिन छात्रों की समस्या पर उनका ध्यान नहीं है। छात्रों को मार्कशीट नहीं मिली हैं, रिजल्ट में गडबडी है लेकिन उनकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। विवि पुराने ढर्रे पर चल रहा है, कोई बदलाव नहीं हुआ है। छात्रों की समस्या पहले से ज्यादा हो गई हैं।