आगरालीक्स.. स्कूलों के शैक्षिक सत्र में सर्दियों में 15 दिन की छुटटी होगी, गर्मियों की छुटटी 15 दिन के लिए कम की गईंं।
उत्तर प्रदेश में शैक्षिक सत्र 2021-22 का बेसिक शिक्षा विभाग ने शासनादेश जारी कर दिया है। शासनादेश के अनुसार परिषदीय स्कूलों के शैक्षिक सत्र में न्यूनतम 240 दिन पढ़ाई होगी। पहली अप्रैल से 30 सितंबर तक स्कूल सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक संचालित होंगे। इस दौरान प्रार्थना सभा/योगाभ्यास के लिए सुबह आठ से 8.15 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। एक अक्टूबर से 31 मार्च तक स्कूलों का समय सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक होगा जिसमें प्रार्थना सभा व योगाभ्यास सुबह नौ से 9.15 बजे तक होगा। एक अप्रैल से 30 सितंबर तक मध्यावकाश सुबह 10.15 से 10.45 बजे और पहली अक्टूबर से 31 मार्च तक 11.55 से 12.25 बजे तक होगा। मध्यावकाश के दौरान ही मिड डे मील बांटने का काम पूरा करना होगा
हर दो हफ्ते में होगा बच्चों का टेस्ट
प्रत्येक दो सप्ताह में बच्चों का यूनिट एसेसमेंट टेस्ट के माध्यम से मूल्यांकन किया जाएगा ताकि बच्चों में हो रहे सुधार के आधार पर रेमेडियल टीचिंग और आवश्यक कार्यवाही की जा सके। हर शिक्षक को अनिवार्य रूप से शिक्षक डायरी बनाए बनानी होगी जिसमें उन्हें साप्ताहिक प्रगति और अगले हफ्ते की कार्ययोजना तैयार करनी होगी। सपोर्टिव सुपरविजन के दौरान एकेडमिक रिसोर्स पर्सन और स्टेट रिसोर्स ग्रुप द्वारा शिक्षक डायरी को देखा जाएगा। स्कूल अवधि में शिक्षक विद्यालय के किसी भी काम से स्कूल परिसर से बाहर नहीं जायेंगे। शिक्षण अवधि में छुट्टी मंजूर कराने और अधिष्ठान से जुड़े कार्यों के लिए ब्लॉक या जिला स्तरीय कार्यालय में उनका जाना प्रतिबंधित होगा। न ही स्कूल अवधि में वे शिक्षकों और शिक्षक संगठनों की गतिविधियों में शामिल हो सकेंगे। विद्यालय अवधि में किसी भी विभाग से संबंधित हाउस होल्ड सर्वे नहीं कराया जाएगा। शिक्षण अवधि में कोई भी रैली, प्रभात फेरी, मानव श्रृंखला, नवाचार गोष्ठी आदि आयोजित नहीं किये जाएंगे।