आगरालीक्स.. आगरा में पिता के एक्सीडेंट की बात कहकर किशोरी को युवक घर से ले गए, उसे बंधक बनाकर रखा और एक लाख रुपये में बेच दिया, उसी समय परिजन पहुंच गए और किशोरी बच गई।
24 घंटे बाद परिजनों ने पुलिस की मदद से किशोरी को बरामद कर लिया। परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
आगरा में गुरुवार शाम को न्यू आगरा क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी घर में अकेली थी। तभी आशीष और उसका दोस्त गुलशन आए। आरोप है कि किशोरी से उन्होंने कहा कि उसके पिता का एक्सीडेंट हो गया है और किशोरी को अपने साथ ले गए। किशोरी उनके साथ बाइक पर बैठकर चली गई। आशीष किशोरी को गुलशन के घर ले गया। यहां पर उसे बंधक बना लिया। किशोरी ने शोर मचाने का प्रयास किया।
एक लाख में किया सौदा
गुलशन की मां ने अपने भाई को फोन करके एक लाख रुपये में किशोरी को बेचने की बात की। उसका भाई जयपुर से राजवीर को अपने साथ ले आया। वो 80 हजार रुपये में किशोरी को ले जाने की तैयारी में था। किशोरी के परिजन वहां आ गए। पुलिस की मदद से बेटी को मुक्त करा लिया। वहीं पुलिस ने आशीष और गुलशन को मौके से पकड़ लिया। अन्य आरोपी भाग निकले। इंस्पेक्टर थाना न्यू अगारा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।