आगरालीक्स… आगरा का सेंट जोंस कॉलेज आज 173 साल का हो गया, कॉलेज के पहले प्राचार्य आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के बिशप वैल्पी फ्रेंच थे। सेंट जोंस कॉलेज की स्थापना वर्ष 1850 में हुई थी। यहां के पहले प्राचार्य आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के बिशप वैल्पी फ्रेंच थे। उस समय कालेज की संबद्धता कलकत्ता विश्वविद्यालय से थी। वर्ष 1891 में एलएलबी की क्लासेज लगना शुरू हुईं, 1893 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से परास्नातक पाठ्यक्रम की मान्यता मिली।
वर्ष 1893 में कॉलेज में रेलवी में नौकरी के लिए टेलीग्राफी और संकेतन भी सिखाया जाता था। 1903 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ही भौतिक विज्ञान व रसायन विज्ञान की मान्यता मिली। कालेज की वर्तमान इमारत को 1911 से 1914 के बीच वास्तुविद सर स्विटन जैकब द्वारा तैयार करवाया गया था। इस भवन का उदघाटन 1914 में भारत के तत्कालीन गर्वनर जनरल लार्ड हर्डिंग ने किया था।
सेंट जोंस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसपी सिंह के अनुसार, कॉलेज में इस समय पांच संकाय संचालित हैं। समय की मांग के अनुसार इस साल दो नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। कॉलेज छात्रों के प्लेसमेंट और ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दे रहा है। कॉलेज को नैक से ए ग्रेड मिला हुआ है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा कॉलेज के छात्र रहे हैं।
आगरा विवि के प्रथम कुलपति थे कॉलेज के प्राचार्य
आगरा विश्वविद्यालय की स्थापना 1927 में हुई थी, उस समय कालेज के प्राचार्य प्रो. एडबल्यू डेविस विश्वविद्यालय के पहले कुलपति बने थे। 1958 में पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने शताब्दी साल के पत्थर लगाया, जिसका उदघाटन 1959 में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू ने किया।