आगरालीक्स आगरा में सलोनी तेल बनाने वाले महेश एडिबल आयल इंडस्ट्रीज लिमिटेड और उसकी अन्य फर्मों सहित 42 प्रतिष्ठानों पर 20 घंटे चली सर्च, 2.15 करोड़ रुपये कराए गए जमा।
राज्य जीएसटी, आगरा जोन में खाद्य तेल की सबसे बड़ी फर्म महेश एडिबल आयल इंडस्ट्रीज लिमिटेड की तीन अन्य फर्म के साथ ही महेश एडिबल आयल मिल्स लिमिटेड ग्रुप की दो फर्म सहित छह फर्मों पर प्रदेश भर में 42 प्रतिष्ठानों पर राज्य जीएसटी की जांच शाखा ने सर्च की। इसमें 200 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। आगरा में ही 14 जगहों पर सर्च की कार्रवाई की गई। सर्च 20 घंटे चली।
बड़े स्तर पर मिली गड़बड़ी
राज्य जीएसटी की सर्च में बड़े स्तर पर गड़बड़ी मिली है। फर्जी फर्मों से बड़े स्तर पर सरसों की खरीद दिखाई गई, जिनसे खरीद दिखाई गई उन्हें भी जांच में शामिल किया गया है। ई वे बिल में दुरुपयोग के साथ ही स्टॉक में अंतर मिला है। टीम ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज भी जब्त किए हैं, इसके आधार आगे जांच जारी रहेगी।
2.15 करोड़ रुपये कराए जमा
सर्च के दौरान एसजीएसटी ने 2.15 करोड़ रुपये जमा कराए हैं, अभी जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच की जाएगी। टीम में अपर आयुक्त ग्रेड वन मारुति शरण चौबे के निर्देशन में हुई कार्रवाई में एडिशनल कमिश्नर ग्रेड टू एसआईबी सर्वजीत, प्रमोद दुबे जेसी एसआईबी के साथ ही संयुक्त आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त शामिल रहे।