आगरालीक्स आ..गरा में यमुना एक्प्रेस वे पर यात्रियों से भरी बस पलट गई, हादसे में चार की मौत हो गई, 40 यात्री घायल हैं। हादसे के बाद कोहराम मचने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकाला, घायलों को आगरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रविवार को यमुना एक्सप्रेस वे प्राइवेट स्लीपर बस यूपी 22 टी 5303 नोएडा से सवारियां लेकर आगरा के लए रवाना हुई। बस में 50 से अधिक सवारियां थी, रात 12 बजे यमुना एक्सप्रेस वे पर मथुरा के पास बलदेव क्षेत्र में गांव गढसोली के समीप बस अनियंत्रित होने पर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे की सूचना पर आसपास थानों की पुलिस एवं एक्सप्रेस वे कर्मी पहुंच गए। बस में फंसे यात्रियों को बमुश्किल बाहर निकाला जा सका।
हादसे में चार की मौत
हादसे में रेखा निवासी भिंड, विनीता निवासी सबलगढ़ मुरैना, राकेश निवासी सुमौला जालोन एवं बृजकिशोर निवासी नयागांव भिंड की मौत हो गई। घायलों को मथुरा एवं आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।