आगरालीक्स…(16 January 2022 Agra News) कतरन बन गए 500—500 के नोटों की करीब एक लाख से अधिक की रकम. दो दिन पहले घर से हुए थे चोरी…पढ़ें पूरी खबर
मथुरा का है मामला
मथुरा के गांव अल्हैपुर में एक अजीब मामला सामने आया है. यहां रहने वाले एक व्यक्ति के घर दो दिन पहले चोरी हुई थी. एक लाख से अधिक की नकदी चोरी हो गई थी. रविवार को जब नोट चारा काटने वाली मशीन से कतरन बनकर निकले तो आशंका जताई गई कि ये वही नोट हैं जो चोरी किए गए थे और चोर ने अपनी चोरी पकड़े जाने के डर से उन्हें चारे में छुपा दिया हो. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला ये है कि यहां के रहने वाले राधा रमन गौतम के घर में दो दिन पहले चोरी हुई थी. इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई. पुलिस को बताया गया कि घर के अंदर से गहने और करीब एक लाख से ज्यादा का कैश चोरी हुआ था. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो घर के पीछे गहनों की खाली डिब्बी मिली. पुलिस इस मामले में घर के ही किसी व्यक्ति को संदिग्ध मानकर चल रही थी. इस मामले में तहरीर नहीं दी गई. शनिवार को जब घर के पीछे चारा काटने के दौरान मशीन से कटे हुए नोट निकले तो पुलिस को बुलाया गया.पुलिस ने फिलहाल नोटों की कतरन कब्जे में ले ली है.