आगरालीक्स ..आगरा रीजन में लखनऊ- आगरा एक्सप्रेस वे पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई, हादसे में एडीएम प्रशासन आगरा निधि श्रीवास्तव के रिश्तेदार घायल हो गए, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार को कानपुर के स्वरूपनगर निवासी 75 वर्षीय गिरीश कुमार महिवाल अपनी इनोवा कार से दोपहर में परिवार के साथ गुडग़ांव जा रहे थे। कार को शंकर पुत्र अरविंद यादव चला रहा था। कार नसीरपुर क्षेत्र में एक्सप्रेस वे पर नसीरपुर- फतेहाबाद कट के पास पहुंची ही थी कि सामने से गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर पलट गई। कार पलटते ही आसपास के कुछ ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
हादसे में हुए घायल
हादसे में गिरीश कुमार के अलावा उनकी पत्नी प्रभा महिवाल (73), मीरा महिवाल (72) पत्नी गिरीश, ऋत्विक (9), लक्षित (3) और कार चालक शंकर घायल हो गए। डॉक्टर ने मीरा, ऋत्विक और लक्षित को सीधे आगरा रेफर कर दिया।