आगरालीक्स.. आगरा के सुभाष बाजार, सर्राफा बाजार, किनारी बाजार, फव्वारा, लुहार गली में ना जाने की अपील, इन बाजारों को 14 दिन बंद करने पर विचार।
अनलॉक टू में एक से सात जुलाई तक कोरोना के 97 केस आ चुके हैं। इसमें से सुभाष बाजार, सर्राफा बाजार, किनारी बाजार, फव्वारा, लुहार गली जाने वाले व्यापारियों में कोरोना की पुष्टि हुई है, इसके बाद जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे कोतवाली और मंटोला क्षेत्र के सकरे बाजारों में जाने से बचें, कोई जरूरी कार्य होने पर ही इन बाजारों में जाएं।
बफर जोन कर 14 दिन के लिए किया जा सकता है बंद
जिला प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि सुभाष बाजार, सर्राफा बाजार, किनारी बाजार, फव्वारा, लुहार गली सहित थाना कोतवाली और मंटोला के बाजारों से संक्रमण फैलने का खतरा है, आईसीएमआर की गाइड लाइन के तहत इन बाजारों सहित क्षेत्रों को बफर जोन में घोषित किया जा सकता है। ऐसे में इन बाजारों में 14 दिनों तक पूर्णता जनता का आवागमन बंद करने पर विचार किया जा सकता है।
मास्क पहनें, सोशल डिस्टेंसिंग का करें पालन
जिला प्रशासन ने कोरोना के संक्रमण से रोकथाम के लिए अपील की है कि वे मास्क पहनें, बाहर जाने पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, बेवजह घर से बाहर ना जाएं।