आगरालीक्स…(25 October 2021 Agra News) आगरा रीजन में बैंक के अंदर से चोरी हो गया लाखों रुपयों से भरा बैग. कैश काउंटर पर बैग रख कैशियर से हो रही थी बात..तभी हो गया गायब..सीसीटीवी में ये आया सामने
जसराना में एसबीआई बैंक में हुई घटना
आगरा के फिरोजाबाद जिले के जसराना स्थित भारतीय स्टेट बैंक के अंदर से लाखों रुपयों से भरा बैग चुटकियों में पार हो गया. बैग में छह लाख रुपये से अधिक का कैश था. बैंक के अंदर चोरी होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी चेक किए तो उसमें एक किशोर बैग ले जाता हुआ नजर आया. पुलिस सीसीटीवी के आधार पर लड़के की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है.
कैश जमा करने गया था मुनीम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जसराना के मोहल्ला कोठीपुरा में रहने वाली निशा गुप्ता पत्नी मुकेश गुप्ता की मेन चौराहा पर रोहित इंटरप्राइजेज नाम से फर्म है. बताया जाता है कि सोमवार को फर्म का मुनीम जीशान पुत्र शाहिन अख्तर निवासी मोहल्ला बेलमपुरी, जसराना एसबीआई बैंक में छह लाख 14 हजार 800 रुपये बैग में लेकर पहुंचा था. बताया जाता है कि यहां जीशान ने बैग को कैश काउंटर के पास रखा और कैशियर से बात करने लगा. कुछ ही देर में जब उसने बैग की तरफ देखा तो वो गायब था. बैग को गायब देख जीशान के होश उड़ गए और उसने इसकी जानकारी बैंक स्टाफ को दी. बैंक के अंदर से लाखों रुपयों से भरा बैग चोरी होने से बैंक में भी हड़कंप मच गया.
सीसीटीवी में एक लड़का मिला बैग ले जाते हुए
इधर घटना की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी गई तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने बैंक स्टाफ, फर्म के मुनीम और गार्ड से पूछताछ की. इस दौरान फर्म मालिक भी मौके पर आ गए. फर्म मालिक के साथ क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह, कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया मय पुलिस फोर्स के बैंक पहुंच गए और सीसीटीवी फुटेज की जांच की. सीसीटीवी में एक किशोर बैग ले जाते हुए दिखाई दिया. उसके साथ दो युवक भी थे. फर्म मालिक की ओर से थाना जसराना में तहरीर दी गई है. पुलिस का कहना है कि बैंक से बैग पार करने की घटना सामने आई है. सीसीटीवी के आधार पर इसका खुलासे के लिए टीमें बनाई गई हैं. जल्द ही खुलासा किया जाएगा और आरोपी गिरफ्त में होंगे.