फिरोजाबादलीक्स….(6 November 2021 Agra News) 12 साल के लड़के का हो गया था अपहरण. ढाई लाख की मांगी फिरौती. पुलिस ने कुछ ही घंटे में किया मामले का पर्दाफाश…चौंकाने वाला मामला
फिरोजाबाद में शुक्रवार रात को 12 साल के लड़के के अपहरण की सूचना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने जब इस मामले का पर्दाफाश किया तो चौंकाने वाला मामला सामने आया. बच्चे का अपहरण की साजिश उसके ही पिता ने रची थी. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. जानकारी के अनुसार एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला नूर नगर कश्मीरीगेट निवासी रियाजुद्दीन पुत्र सिराजुद्दीन ने शुक्रवार रात को पुलिस को सूचना दी कि उसके 12 साल के बेटे रिहान का अपहरण हो गया है. अपहरणकर्ताओं ने उससे ढाई लाख रुपये की फिरौती मांगी है.
दिवाली जैसे त्योहार पर बच्चे के अपहरण की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और थाना रामगढ़ में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस ने रामगढ़ क्षेत्र के ही रहने वाले युवक समीन उर्फ चर्री के घर दबिश दी तो रिहान वहां से बरामद हो गया. दबिश के दौरान समीर उर्फ चुर्री मौके से फरार हो गया.
पिता ने ही रची साजिश
इस मामले में पुलिस ने रियाजुउद्दीन को अरेस्ट कर लिया. पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि जुआ खेलने के लिए उसने कुछ लोगों से रुपये कर्ज लिए थे. वह कर्जदार हो गया था. कर्ज होने के कारण उससे लगातार तगादा किया जा रहा था. इस पर उसने अपने ही बेटे के अपहरण की कहानी रची. इसमें उसने अपने साथी समीर को भी शामिल कर लिया. पुलिस ने रियाजुद्दीन को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.