आगरालीक्स…. आगरा में सड़क की मरम्मत का भी शिलान्यास, शिला पट्टिका पर पार्षद का नाम न होने पर मेयर नवीन जैन का विरोध। मेयर वापस जाओ के लगे नारे।
आगरा में लोहामंडी जोन कार्यालय से अग्रसेन डिवीजन पुलिस चौकी कोठी मीना बाजार तक सड़क सुधार और साइड पटरी के निर्माण का शनिवार को शिलान्यास किया गया। यह कार्य 1.07 करोड़ रुपये की लागत से होगा। शिलान्यास मेयर नवीन जैन, विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने किया।
एक ही पार्षद का नाम होने पर भड़के
अग्रसेन डिवीजन पुलिस चौकी कोठी मीना बाजार तक सड़क सुधार और साइड पटरी का काम होना है। सड़क सुधार चार पार्षदों के क्षेत्र में होगा, ये चार पार्षद प्रियंका प्रजापति, कविता त्रिवेदी, बंटी माहौर और शरद चौहान हैं। लेकिन शिला पट्टिका पर मुकुल गर्ग का नाम लिखा हुआ था, इससे पार्षद भड़क गए।
मेयर के खिलाफ नारेबाजी
शिला पट्टिका पर नाम न होने पर बसपा पार्षद बंटी माहौर ने मेयर नवीन जैन के खिलाफ नारेबाजी की, काली पटटी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मेयर वापस जाओ के नारे लगाए। पार्षद बंटी माहौर का कहना है कि जिस क्षेत्र में काम होना है वह उनका क्षेत्र है इसके बाद भी शिला पट्टिका पर नाम नहीं लिखा गया। ये दलित विरोधी मानसिकता है, यहां तक कि मुझे बुलाया भी नहीं गया यह अपमानजनक है।
चारों पार्षदों के लिखवाए जाएंगे नाम
मेयर नवीन जैन का कहना है कि चारों पार्षदों के नाम होने चाहिए थे, यह बड़ी चूक है। शिला पट्टिका पर चारों पार्षदों के नाम लिखवाए जाएंगे।